Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एकजुटता से बढ़ा पानी, अब संयुक्त गश्त, प्रशासन का लिखित समझौता

श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। किसानों की एक जुटता के आगे बुधवार को जिला प्रशासन बैकपुट पर आ गया। प्रशासन ने किसान संगठनों से आज लिखित में समझौता किया है कि पंजाब के फिरोजपुर हैड से गंग कैनाल को गुरुवार से 2400 पानी दिया जाएगा। यह पानी सरहिंद फीडर से दो-तीन दिन में फिरोजपुर फीडर की आरडी 45 पर पहुंचेगा। इसमें से खखां पर 1950 क्यूसेक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बाकी 450 क्यूसेक पानी छिज्जत में जाएगा।
इसके अलावा खखां हैड से आगे राजस्थान क्षेत्र में गंग कैनाल की मुख्य नहर से पानी की चोरी रोकने के लिए संयुक्त गश्त (पेट्रोलिंग) कल गुरुवार से ही प्रारंभ कर देने का आश्वासन दिया गया है। आज आरडी 45 से 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि खखां हेड 1628 क्यूसेक मिल रहा है। कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में किसान संगठनों के साथ हुई बातचीत में प्रशासन, पुलिस और जल संसाधन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इन्होंने किया सम्बोधित
अखिल भारतीय किसान सभा, किसान संघर्ष समिति और जय किसान आंदोलन के पदाधिकारियों ने किसानों का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले गुरुद्वारा सिंह सभा में बड़ी संख्या में इकट्ठे हुए किसानों की सभा को माकपा के पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, किसान नेता पृथीपाल सिंह संधू, पूर्व चैयरमेन गुरबलपालसिंह संधू, किसान सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य श्योपतराम मेघवाल, रविन्द्र तरखान, किसान संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष अमरसिंह बिश्नोई, मनिन्द्र सिंह मान,गुरचरण सिंह मोड़, गुरलाल बराड़, राकेश ठोलिया, अमतेन्द्र सिंह क्रांति, काका हरेन्द्र सिंह, इन्द्राज पूनिया, किसान आंदोलन के रमन रंधावा, आप पार्टी नेता शमशेर सिंह बराड़ और शंकर मेघवाल आदि ने संबोधित किया।
जुलाई 2016 में भी हुआ था लिखित में समझौता
जुलाई 2016 में तत्कालीन जिला प्रशासन के अधिकारियों ने किसानों के एक बड़े आंदोलन के दौरान लिखित में समझौता किया था कि राजस्थान क्षेत्र में इस नहर में पानी की चोरी रोकने के लिए नियमित रूप से पेट्रोलिंग की जाएगी। पेट्रोलिंग टीम में जल संसाधन विभाग का एक कनिष्ठ अभियंता, पुलिस का एक थानेदार और 4 सिपाही रहेंगे, लेकिन पेट्रोलिंग को आज तक शुरू नहीं किया गया। आज की बातचीत में पेट्रोलिंग टीम में प्रशासन का भी एक अधिकारी शामिल करने पर सहमति हुई। किसान संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष अमरसिंह बिश्नोई ने बताया कि प्रशासन ने कल से यह पेट्रोलिंग शुरू करवाने का वायदा किया है। गौरतलब है कि गंग कैनाल एरिया में मूंग और ग्वार की बिजाई के लिए उपयुक्त समय 15 जुलाई तक है। किसानों को इन फसलों की बिजाई के लिए पानी चाहिए जबकि पंजाब में एक तो पानी वैसे ही कम मिल रहा है, दूसरा वहां पर चोरी भी हो रही है। इसके खिलाफ किसान संगठनों ने एकजुट होकर आज जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण मजदूर किसान समिति ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के घेराव की घोषणा कर रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *