Saturday, April 25निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एनएच अधिकारियों पर गुण्डागर्दी का आरोप, आन्दोलन तेज करने की चेतावनी

  • 20 जून को आमसभा व 21 जून को रमेश दलाल के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों पर मुकदमे दर्ज करवाने की चेतावनी
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    754के किसान संघर्ष समिति के सदस्यों की बैठक सोमवार को जिला कलक्ट्रेट में अध्यक्ष दलीप छिम्पा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 20 जून को आयोजित होने वाली आमसभा की तैयारियों व 21 जून को जिला मुख्यालय पर हाईकोर्ट के एडवोकेट व किसान नेता रमेश दलाल के नेतृत्व में सिविल कोर्ट में भूमि अधिग्रहण में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सैकड़ों किसानों की ओर से मुकदमा दर्ज करवाने का निर्णय लिया गया। इसकी तैयारियों के संबंध में भी बैठक में चर्चा की गई। बैठक में समिति प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि पिछले 2 वर्षांे से किसान कोरोना महामारी के चलते सरकार के आग्रह पर शांत थे परन्तु एनएच के अधिकारियों को किसानों की शांति कमजोरी लगने लगी है। इसके विरोध व एनएच के अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों को किसानों की एकता दिखाने के लिए जिला मुख्यालय पर आंदोलन का आगाज करते हुए 20 जून से पुन: धरना शुरू किया जा रहा है। 20 जून को आमसभा का आयोजन टाउन में किया जाएगा। उसके बाद जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर धरना शुरू किया जाएगा। अगले दिन 21 जून को जिला मुख्यालय पर हाईकोर्ट के एडवोकेट व किसान नेता रमेश दलाल के नेतृत्व में सिविल कोर्ट में भूमि अधिग्रहण में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सैकड़ों किसानों की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। फिर 25 जून को पूरे राजस्थान के किसान जयपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर आन्दोलन को नई ऊर्जा देगे। शर्मा ने बताया कि किसान एनएच के अधिकारियों की गुण्डागर्दी से परेशान होकर व सरकार एवं किसानों के बीच हुई सहमति का उल्लंघन करने के विरोध में कोरोना महामारी की चिंता किए बिना अपने हकों के लिए पुन: संघर्ष शुरू कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें स्वयं ही कोरोना का सहारा लेकर आमजन को लूटने का प्रयास कर रही हैं परन्तु यह लूट नहीं होने देंगे और आन्दोलन तेज करेंगे। बैठक में उग्रसेन भादू, राकेश फगेडिय़ा, बीरबल दास, पालाराम पूनिया, संदीप शर्मा, मोहन गोदारा, काशी रॉयल, रेवताराम सोलंकी सहित कई अन्य किसान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *