नई दिल्ली
आईपीएल 2022 का 49वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह दोनी के निशाने पर एक-दो नहीं बल्कि तीन रिकॉर्ड होंगे। धोनी आज चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 200वां मुकाबला खेलेंगे वह इस फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। इसी के साथ धोनी की नजरें बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में 6000 रन का आंकड़ा छूने पर भी होगी। वहीं वह आरसीबी के खिलाफ छक्कों का अर्धशतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन सकते हैं।
महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 200वां आईपीएल मैच
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आज मैदान पर उतरते ही धोनी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे। वह सीएसके के लिए 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बनेंगे। धोनी ने अभी तक इस फ्रेंचाइजी के लिए 199 मैच खेले हैं। वहीं उनके आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने कुल 229 मैच खेले हैं। धोनी ने 30 मुकाबले पुणे सुपर जाइंट्स के लिए खेले थे जब सीएसके पर दो साल का बैन लगा था।
टी20 में बतौर कप्तान 6 हजार रन पूरा करने से चार कदम दूर धोनी
एमएस धोनी ने अभी तक खेले 301 टी20 मुकाबलों की 264 पारियों में 38.67 की औसत से 5994 रन बनाए हैं। अगर धोनी आज आरसीबी के खिलाफ 6 रन बनाते हैं तो वह टी20 क्रिकेट में बतौर कप्तान 6000 रन का आंकड़ा छूने वाले दूसरे कप्तान बन जाएंगे। अभी तक इस फॉर्मेट में 6000 रन का आंकड़ा भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली ही कर पाएं हैं। कोहली के नाम टी20 क्रिकेट में बतौर कप्तान 6451 रन दर्ज हैं। वहीं इस सूची में रोहित शर्मा 4721 रनों के साथ तीसरे पायदान पर है।