नई दिल्ली
बीते जनवरी महीने में ही केंद्र सरकार ने एयर इंडिया एयरलाइन की कमान टाटा समूह को दी थी। अब सरकार अलायंस एयर की बिक्री प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक अलायंस एयर के लिए रुचि पत्र (ईओआई) अगले वित्त वर्ष में निकाला जाएगा।
एयर इंडिया की सब्सिडरी: अलायंस एयर की बात करें तो ये एयर इंडिया की सब्सिडरी कंपनी है। एक अधिकारी ने बताया कि हमारे पास एयर इंडिया की सब्सिडरीज की बिक्री के लिए मंत्रिमंडल की मंजूरी पहले से है। हम ग्राउंड हैंडलिंग इकाई की बिक्री के लिए ईओआई अगले वित्त वर्ष में निकालेंगे।
आपको बता दें कि फिलहाल एयर इंडिया की चार सब्सिडरी-एयर इंडिया एयर ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. (एआईएटीएसएल), एयरलाइन अलायड सर्विसेज लि. (एएएसएल) या अलायंस एयर, एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लि. (एआईईएसएल) और होटल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लि. (एचसीआई) विशेष इकाई एयर इंडिया एसेट्स होल्डिंग लि. (एआईएएचएल) के पास है।