झुंझुनूं
सिंघाना थाना इलाके के भैसावता कलां में 5 अक्टूबर को 11 साल की मासूम बच्ची के साथ स्कूल की क्लास में ही दुष्कर्म करने के मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एक दिन पहले ही रेप की योजना बना ली थी। 5 अक्टूबर को घटना वाले दिन हेड मास्टर जल्दी स्कूल पहुंच गया। उसने बच्ची को भी फोन कर कहा कि सभी बच्चे आ गए हैं जल्दी स्कूल पहुंचो। जब बच्ची स्कूल पहुंची तो कोई स्कूल में मौजूद नहीं था। फिर हेड मास्टर रेप किया। मामले में आरोपी हेड मास्टर और उसकी 2 सहयोगी महिला टीचरों को जेल भेज दिया गया है।
सिंघाना थाना अधिकारी भजना राम ने बताया की आरोपी हेड मास्टर ने बच्ची से स्कूल की ऑनलाइन क्लास के दौरान ही उसका मोबाइल नंबर लिया था। नंबर लेने के बाद आरोपी ने बच्ची से बातचीत का सिलसिला शुरू किया। आरोपी हेड मास्टर स्कूल की छुट्टी होने के बाद से रोज दिन में 1 बजे बच्ची को अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर देता था। चैट का सिलसिला देर रात तक जारी रहता।
पूछताछ में सामने आया कि हेड मास्टर केशव यादव बच्ची को अश्लील मैसेज, वीडियो और फोटो भेजता था। उसके बाद हेड मास्टर बच्ची को फोटो भेजने की जिद कर दबाव बनाता था। हालांकि बच्ची ने किसी प्रकार की फोटो आरोपी को नहीं भेजी थी। आरोपी इतना शातिर है कि जैसे ही उसे आभास हुआ कि बच्ची किसी को भी घटना के बारे में बता सकती है। उसने अपने मोबाइल से सभी मैसेज और अश्लील फोटो डिलीट कर दिए।