उदयपुर
राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले कटारिया इस बार अपनी तस्वीर की वजह से चर्चा में हैं। इसमें वे बारिश के दौरान छाता लगाकर पौधों को पानी दे रहे हैं। अब इंटरनेट पर ये फोटो वायरल हो रही है। जिस पर यूजर अलग-अलग कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि कितने तेजस्वी लोग हैं हमारे पास। दूसरे ने कहा कि सूखती झील को बाल्टी से पानी डाल कर भर दो।
हाल ही में गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर बीजेपी ऑफिस के बाहर पौधरोपण किया था। इस दौरान तेज बारिश आ रही थी। इस वजह से कटारिया के समर्थकों ने छाता पकड़ रखा था। बावजूद इसके कटारिया पौधे को पानी दे रहे थे। ऐसे में बारिश गिरने के दौरान पौधे में पानी डालने को लेकर अब सोशल मीडिया पर कटारिया विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं।
सोशल मीडिया पर बन रहा मजाक
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया की बारिश में पौधे को पानी पिलाने की तस्वीर अब वायरल हो गई है। सोशल मीडिया पर यूजर कटारिया पर जोक्स बना रहे हैं। कुछ लोग गुलाबचंद कटारिया को तेजस्वी बता रहे हैं। वहीं कुछ उनकी इस हरकत को बेवकूफी करार दे रहे हैं। जबकि कुछ लोग गुलाबचंद कटारिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों को साझा कर मीम्स बनाने से भी नहीं चूक रहे हैं। कुछ लोग अब गुलाबचंद कटारिया से उदयपुर की सूखती झीलों को बाल्टी से पानी डाल कर भरने की अपील करने लगे हैं।
पानी डालना जरूरी था
इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए उदयपुर बीजेपी जिला अध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली ने कहा कि जिस वक्त पौधरोपण कार्यक्रम शुरू हुआ। उससे कुछ वक्त पहले तक भी बारिश नहीं आई थी। ऐसे में पौधा लगाने के साथ पानी पिलाना भी जरूर था। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी पानी डाला था, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। जो सरासर गलत है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कटारिया को पिछोला झील में बाल्टी से पानी डालने की दी नसीहत।
विवादों से रहा है पुराना नाता
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया हमेशा विवादों से घिरे रहते हैं। कभी महाराणा प्रताप को लेकर दिए गए विवादित बयान। तो कभी अपने ओछे शब्दों के वजह से कटारिया कई बार सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांग चुके हैं। ऐसे में विवादों से पुराना नाता रखने वाले कटारिया की तस्वीर अब उन्हें फिर से चर्चा में ले आई है।