Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

डीटीओ के लिखित आश्वासन पर बनी बात, ट्रक आपरेटरों का अनशन खत्म

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
धानमण्डी में ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालकों द्वारा किए जा रहे अवैध माल ढुलाई और परिवहन के खिलाफ ट्रक आॅपरेटरों का विरोध प्रदर्शन काम कर गया। प्रशासन द्वारा ट्रक आॅपरेटर यूनियन को लिखित में आश्वासन दिया गया कि अवैध रूप से चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद यूनियन द्वारा अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
जानकारी अनुसार धानमंडी से अनाज को गोदाम तक ले जाने के लिए खरीददार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का नियम विरूद्ध उपयोग किया जा रहा है। इससे नाराज ट्रक आॅपरेटरों ने 22 जुलाई को प्रशासन को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को प्रदर्शन की चेतावनी दी। इसके तहत सोमवार को ट्रक यूनियन के लोग प्रदर्शन करने पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि फसल का मंडी तक परिवहन करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन यहां फसल बेचने के बाद इसे ले जाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग सही नहीं है। ट्रक आॅपरेटर अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह ट्रकों के साथ जस्सासिंह मार्ग पर एकत्र हुए। वहां से ट्रकों से साथ भारत माता चौक के लिए रवाना हुए। परन्तु पुलिस ने इन्हें शिव चौक पर ही रोक लिया। इस कारण ट्रक आॅपरेटरों की पुलिसकर्मियों से तानातनी हुई और बाद में ट्रक आॅपरेटरों ने शिव चौक पर ही धरने के साथ अनशन शुरू कर दिया।
रवि तरड़ के अनुसार प्रशासन से हुई वार्ता में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा लिखित में कार्रवाई करने का आश्वासन देने के बाद धरना और अनशन समाप्त कर दिया गया।
वार्ता में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ.हरितिमा, जिला ट्रक आपॅरेटर यूनियन अध्यक्ष मेजर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष महेन्द्र बिश्नोई, राजेश ग्रेवाल,सुरेन्द्र यादव, सुन्दर शर्मा, जिला रसद अधिकारी, मण्डी समिति प्रतिनिधि, पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *