ठुकरियासर. गांव के उत्तराधा बास की जलापूर्ति के लिए बना नलकूप पिछले पन्द्रह दिनों से बन्द होने के कारण ग्रामीणों को इस प्रचण्ड गर्मी में पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। पशुधन की अधिकता वाले इस गांव में पशुपालकों के लिए पानी की व्यवस्था करना काफी कठिन हो गया है। मोहल्ले के करीब पांच सौ घरों में ज्यादा समस्या हो रही है।
यहां कभी मोटर तो कभी नलकूप की समस्या पिछले एक साल से चल रही है। गांव के चुन्नीलाल मोटसरा ने बताया कि यहां पूर्व में जोहड़ स्थित नलकूप से पानी की सप्लाई हो रही थी। यह नलकूप कभी बन्द तो कभी चालू की स्थिति में साल भर चलता रहा और आखिर करीब दो माह पूर्व ये नाकारा हो गया। इसके साथ ही पांच सौ घरों की जलापूर्ति भी बंद हो गई। विभाग ने जलापूर्ति के लिए आरो प्लांट के लिए बने नलकूप को करीब डेढ़ माह पूर्व चालू किया था। लेकिन यह नलकूप भी पिछले पन्द्रह दिनों से बंद पड़ा है। गांव के रामचन्द्र मोटसरा ने बताया कि यहां छह सौ से सात सौ रुपए देकर पानी का टेंकर डलवाना पड़ रहा है जो आम परिवार के लिए बूते की बात नहीं है। जलदाय विभाग भी इस समस्या के समाधान में कोई तत्परता नहीं दिखा रहा है।