जयपुर
राजस्थान के लाखों बेरोजगारों का इंतजार खत्म हो गया है। प्रदेश के कार्मिक विभाग ने कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती नियम की अधिसूचना जारी कर दी है। अब 10,157 कंप्यूटर अनुदेशकों की नियमित तौर पर भर्ती होगी। माना जा रहा है कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड कि ओर से जल्द ही भर्ती विज्ञप्ति जारी की जाएगी। बता दें कि अब तक नियमों की अधिसूचना जारी नहीं होने के कारण राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड लंबे समय से भर्ती विज्ञप्ति जारी नहीं कर पा रहा था। इसे लेकर बेरोजगार प्रदेशभर में सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक विरोध कर रहे थे।
दरअसल, राजस्थान के बेरोजगारों के लंबे विरोध के बाद कैबिनेट ने प्रदेश में पहली बार कंप्यूटर अनुदेशक के पदों पर भर्ती करने का फैसला किया था। 18 अक्टूबर को सरकार ने कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को नोडल एजेंसी भी बना दिया था, लेकिन सरकार ने भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता को लेकर कोई दिशा-निर्देश नहीं दिए थे। इसकी वजह से राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अधिकारी भी भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी नहीं कर रहे थे।