जयपुर
अमित शाह ने कार्यसमिति में सभी राजस्थान बीजेपी नेताओं को साफ कह दिया है कि अगले चुनाव राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही होंगे। उन्होंने कहा मिशन 2023 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव के लिए सभी एकजुट होकर तैयारियां शुरू करें। कार्यसमिति में जब अमित शाह के स्वागत के लिए वसुंधरा राजे का नाम पुकारा गया तो अमित शाह ने टोकते हुए कहा कि कितनी बार स्वागत करवाएंगे। बहुत हो गया स्वागत। वसुंधरा राजे स्वागत के लिए उठते उठते रुक गईं। इस घटनाक्रम की सियासी हलकों में काफी चर्चा हो रही है।
अमित शाह ने कार्यसमिति की बैठक में अपने संबोधन में यह भी कहा कि व्यक्ति ही संगठन नहीं है। इस बात को सभी को समझ लेना होगा। हालांकि जनप्रतिनिधि सम्मेलन में वसुंधरा ने अमित शाह का स्वागत किया। इसके बाद अपने संबोधन में वसुंधरा ने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे गृह मंत्री का स्वागत करने का मौका मिला।