Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कार और पिकअप में भिड़ंत, दो युवक घायल

  • अन्य हादसों में भी अनेक घायल
    श्रीगंगानगर।
    जवाहरनगर थाना क्षेत्र में अबोहर मार्ग पर सैनिक छावनी के सामने कल देर शाम को कार और पिकअप वाहन में आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई।कार में तीन युवक सवार थे, जिनमें दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक बाल-बाल बच गया। जवाहरनगर थाना में एएसआई कंवरपाल ने बताया कि कल देर शाम हुई इस दुर्घटना में कार में सवार निकटवर्ती गांव साधुवाली निवासी पंकज (21) पुत्र राजेंद्र और चक 1-वाई निवासी दीपक (17) पुत्र मांगीलाल घायल हो गए। इनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।तीसरे युवक के कोई ज्यादा चोट नहीं लगी। छावनी के गेट के सामने हुई इस दुर्घटना में पिकअप का चालक अपनी गाड़ी वहीं छोड़ कर भाग गया।पिकअप अबोहर की तरफ से आ रही थी और कार में सवार युवक श्रीगंगानगर से साधुवाली की तरफ जा रहे थे।छावनी गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में यह दुर्घटना कैद हुई है।जिसमें पिकअप अचानक ही रॉन्ग साइड में जाते और अपनी साइड में जा रही कार के टकराने दृश्य कैद हुए हैं। इस दुर्घटना के संबंध में आज देर शाम तक किसी भी पक्ष ने थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए रिपोर्ट नहीं दी थी।पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष राजीनामा करने का प्रयास कर रहे हैं। हादसे में दोनों वाहनों को ही काफी क्षति पहुंची है।इस बीच श्रीगंगानगर के एक हॉस्पिटल में आज नूर मोहम्मद निवासी चक 3-एमसी ग्राम पंचायत उदयपुर गोदारान थाना राजियासर को भी एक दुर्घटना में घायल हो जाने पर भर्ती किया गया। इसी प्रकार अनूपगढ़ थाना में सीमावर्ती नाहरांवाली गांव के अड्डे पर मोटरसाइकिल के एक नील गाय से टकरा जाने से अंकित (16) पुत्र चेतराम घायल हो गया। उसे भी श्रीगंगानगर के एक हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। इसी प्रकार करनैल सिंह (38) निवासी गली नंबर 3 भांभू कॉलोनी भी एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गया।