खारा. गांव से करीब छह किमी दूर जामसर गांव में राजमार्ग 62 पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर जामसर पुलिस, खारा टोल प्लाजा की टीम के आरपीओ बद्री प्रसाद व डॉ. शीशपाल ने एंबुलेंस से घायलों को पीबीएम अस्पताल बीकानेर पहुंचाया। जानकारी के अनुसार दोपहर दो बजे सूरतगढ़ की तरफ जा रही कार व सामने से आ रही मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई है। देर शाम मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
गाड़ी पलटने से दो बच्चों सहित तीन घायल
श्रीडूंगरगढ़. राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर बुधवार को एक बोलेरो गाड़ी ओवर टेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी के अनुसार हेमासर गांव के पास हुए इस हादसे में गाड़ी में सवार दो बच्चों सहित तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर आपणो गांव सेवा समिति की एम्बुलेंस में घायलों को श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय में लाया गया। चिकित्सालय में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार घायल भवानी सिंह विद्युत विभाग में कार्यरत है। गाड़ी में छह लोग सवार थे।