Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बंद मकान से तीन लाख के गहने पार

नोखा. कस्बे में इन दिनों चोरों ने धमाचौकड़ी मचा रखी है। चोरी की बढ़ती वारदातों को देखकर लगता है कि चोरों में पुलिस का खौफ खत्म सा हो गया है। वे आए दिन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। चोर बंद मकानों से गहने व नकदी चोरी करने के साथ चार पहिया व दुपहिया वाहनों पर भी हाथ साफ कर रहे हैं।

पुलिस पुराने चोरी के मामले में चोरों को पकड़ पाती, इससे पहले रात्रि को चोर एक बंद मकान के ताले तोड़कर तीन लाख रुपए के गहने चोरी कर ले गए। इसके बाद दिनदहाड़े बाजार से फिर एक बाइक चोरी हो गई। इन वारदातों को अंजाम देने वाले चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए। परिवादी द्वारा इसके सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। उधर, चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।

परिवार गया था सूरत, पीछे से गहने चोरी

वार्ड १५ कटला चौक में रहने वाले हनुमानमल बागड़ी ने बताया कि वह अपने भाई के गृहप्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने परिवार सहित सूरत गया था। बुधवार सुबह वापस लौटा तो घर के कमरों के ताले टूटे थे, अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा था। चोर सदूकों व आलमारियों के ताले तोड़कर करीब तीन लाख रुपए के गहने चोरी कर ले गए। चोरी सामान में दो सोने के हाथ कंगन, दो चांदी के गिलास सेट व ८ गिलास, एक चांदी का बाटका, दो पायजेब जोड़ी, चांदी की गिन्नियां सहित अन्य चांदी के आइटम और ४५०० रुपए नगद शामिल है। चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया और मामले में पूरी जानकारी ली। वहीं आसपास में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे गए।

दिनदहाड़े घर के सामने खड़ी बाइक चोरी

कस्बे के मरोठी चौक में बुधवार दोपहर में दिनदहाड़े घर के सामने खड़ी बाइक एक युवक चोरी कर ले गया। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराते हुए संदिग्ध युवक के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए। रिपोर्ट में मनोज पंचारिया ने बताया कि उसके भाई सुनील के नाम से खरीदी हुई सीडी डीलक्स बाइक मरोठी चौक सेफराजी मंदिर के पीछे स्थित घर के सामने खड़ी थी। दोपहर करीब १.२० पर बाइक के स्टार्ट होने की आवाज सुनाई दी तो वह दौड़कर घर से बाहर आया। उसने देखा कि एक युवक बाइक को लेकर जा रहा था। उसने तुरंत दूसरी बाइक से उसका पीछा किया, लेकिन बाइक चोर सदर बाजार में मिर्ची बाजार वाली गली से होते हुए बाइक सहित फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *