— 7 अक्टूबर को 620 आरडी पर खुद छोड़ेंगे पानी
घड़साना (सीमा संदेश)। सिंचाई पानी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को उग्र करने के लिए एसडीएम कार्यालय की घेराबंदी को सख्त करने की घोषणा की गई है। धानमंडी में संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन की रूपरेखा को लेकर प्रेस वार्ता भी की। किसान नेताओं ने कहा कि बुधवार से सुबह 11 बजे किसान अपने साथ चारपाई लेकर एसडीएम कार्यालय के समक्ष पहुंचकर एसडीएम कार्यालय की घेराबंदी को मजबूत करेंगे। इसके अलावा दूसरी कड़ी में सरकारी अधिकारी -कर्मचारियों के निवास पर रात्रिकालीन जागो का कार्यक्रम किया जाएगा। वहीं 7 अक्टूबर को 620 आरडी हैड पर कब्जा कर पूगल ब्रांच में पानी छोड़ा जाएगा। इसके अलावा 8 अक्टूबर को सूरतगढ़ एसडीएम कार्यालय के समक्ष घेराव किया जाएगा। चाइयां से लेकर 682 आरडी तक के किसान इस आंदोलन से सरकार को मुंहतोड़ जवाब देकर सिंचाई पानी लेकर आएंगे। घड़साना एसडीएम कार्यालय के समक्ष सुबह से सभा संबोधित कर विभाग व सरकार को जमकर कोसा जा रहा है। किसान नेताओं की टीमों ने जनसम्पर्क कर बुधवार सुबह एसडीएम कार्यालय के बाहर घेराबन्दी करने के लिए ज्यादा से ज्यादा किसानों को घड़साना पहुंचने का आह्वान किया। संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि घड़साना एसडीएम कार्यालय का ही कार्य ठप नहीं किया, बल्कि पूरे जिले के कार्यालयों के कार्य ठप की स्थिति बन चुकी है। इस मौके पर सत्य प्रकाश सिहाग, राजू जाट, पवन दुग्गल, विष्णु भाम्भू, सुनील कुमार, कालू थोरी, राकेश बिश्नोई आदि कई नेता उपस्थित रहे। (विस्तृत समाचार सीमा सन्देश में पढ़ें।)