Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

किसान संघर्ष समिति का जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

एनओसी बगैर भारतमाला एनएच754के का निर्माण न करने के लिए एनएचआई को पाबंद करने की मांग
हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
भारतमाला एनएच754के निर्माण के लिए जालौर, बाड़मेर, बीकानेर में किसानों से जबरन जमीन का कब्जा लेने के लिए उन पर अत्याचार करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने व सिंचाई-राजस्व विभाग की एनओसी के बिना हनुमानगढ़ में कार्य शुरू न करने के लिए एनएचआई को पाबन्द करने की मांग को लेकर एनएच754के किसान संघर्ष समिति के बैनर तले ने सोमवार को जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। समिति अध्यक्ष दलीप छिम्पा, प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा व माकपा नेता रामेश्वर वर्मा के नेतृत्व में किसानों के जिला कलक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन करने के दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतमाला एनएच754के के निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि के उचित मुआवजे की मांग को लेकर समिति का आन्दोलन पिछले ढाई वर्षों से भी अधिक समय से चल रहा है। अभी तक मुआवजे की मांग का कोई समाधान नहीं हुआ है जबकि इस समय एनएचआई किसानों से जबरन जमीन का कब्जा प्रशासन के माध्यम से गैर कानूनी रूप से ले रहा है। जालौर, बाड़मेर व बीकानेर में किसानों तथा महिलाओं के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार कर जमीन का कब्जा ले लिया गया। उनकी परिसम्पत्तियों को नष्ट किया गया। इसका किसान संघर्ष समिति इसका पुरजोर विरोध करती है। सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारतमाला का कार्य पूरे राजस्थान में जहां से भी शुरू होगा पूरे राजस्थान के किसान वहां एकत्रित होकर कार्य रूकवाएंगे और आन्दोलन करेंगे। अगर सरकार व एनएचआई का किसानों की तरफ ध्यान नहीं गया तो किसान 20 जुलाई से जिला कलक्ट्रेट पर बेमियादी आन्दोलन का आगाज करेंगे। उन्होंने मारपीट करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के अलावा एनएचआई को खड़ी फसल में तथा सिंचाई विभाग व राजस्व विभाग की सिंचाई खालों व रास्तों की समुचित व्यवस्था की एनओसी जारी हुए बिना कार्य न करने के लिए पाबंद करने, बाजार भाव से चार गुणा अधिक मुआवजा देने, पंजाब-गुजरात व दिल्ली की तर्ज पर फैक्टर 2 यानी चार गुणा मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन के बाद किसानों के प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर से मिला और मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंप वार्ता की। वार्ता के बाद रामेश्वर वर्मा ने कहा कि जिला कलक्टर ने आश्वासन दिया कि एक कमेटी बना दी जाएगी जो मौके पर जाकर किसानों व एनएचआई अधिकारियों की बात सुनेगी। उसके बाद कमेटी जो निर्णय लेगी, उसके अनुसार कार्रवाई होगी। इस पर किसान सहमत हो गए। जिला कलक्ट्रेट के गेट पर प्रदर्शन में आत्मासिंह, बहादुर सिंह चौहान, रघुवीर वर्मा, राजाराम चाहर, हनुमान गोदारा, वेद गोदारा, रोशनलाल छाछिया, पाहवाराम पूनिया, वेद गोदारा, बीरबल स्वामी, भूप बिश्नोई, संदीप शर्मा, नंदलाल वर्मा, रमेश बिश्नोई, सुभाष घोटिया, नरेन्द्र भादू सहित कई किसान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *