Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

महंगाई-पेट्रो पदार्थां के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस चलाएगी महाभियान

  1. 7 जुलाई को महिला कांग्रेस कमेटी कार्यकर्ता देंगी धरना, 8 से 15 जुलाई तक पेट्रोल पम्पों पर चलाया जाएगा हस्ताक्षर अभियान, 16 जुलाई को जिला स्तर पर निकाली जाएगी 5 किलोमीटर की साइकिल यात्रा
  2. आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने कांग्रेस के जिला प्रभारी जिया उर रहमान आरिफ पहुंचे हनुमानगढ़
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    महंगाई, पेट्रो पदार्थांे व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की ओर से 7 जुलाई से 17 जुलाई तक प्रदेश स्तरीय महाभियान चलाया जाएगा। पहले दिन 7 जुलाई को महिला कांग्रेस कमेटी का कार्यक्रम होगा। उनके साथ यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही अन्य विभाग व प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता साथ रहेंगे। बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता चूल्हे पर रोटी बनाकर केन्द्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगी। 8 जुलाई को पेट्रोल पम्प पर हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की जाएगी। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद 16 जुलाई के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। अंतिम दिन 17 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी जयपुर में केन्द्र सरकार के विरूद्ध प्रदेश स्तरीय मार्च निकाला जाएगा। इस महाभियान सहित अन्य आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं जिला प्रभारी जिया उर रहमान आरिफ एकदिवसीय दौरे पर हनुमानगढ़ आए। सर्किट हाउस में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए जिला प्रभारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की कोशिश है कि इस अभियान के जरिए केन्द्र सरकार पर बढ़ती कीमतों में कमी लाने के लिए पुरजोर दबाव बनाया जाए और जनता की आवाज को बुलंद किया जाए। जिला प्रभारी जिया उर रहमान आरिफ ने बताया कि महाभियान के साथ-साथ पार्टी की ओर से आउटरीच कार्यक्रम किया जाएगा। इसके तहत कोरोना योद्धा बनाए गए हैं जो अपने-अपने ब्लॉक में जाकर कोरोना से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। कोरोना काल के दौरान उनके सामने क्या-क्या समस्याएं आईं, इस बारे में पूरा फीडबैक लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा ताकि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और राज्य सरकार उन्हें किसी न किसी प्रकार से मदद करे। पेट्रोल-डीजल के दामों में कमी लाने के लिए राज्य सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जा रहे हैं, इस सवाल के जवाब में जिला प्रभारी जिया उर रहमान आरिफ ने कहा कि कुछ समय पहले 2 प्रतिशत टैक्स कम किया था। लेकिन राज्य सरकार के पास काफी कम संसाधन होते हैं। केन्द्र सरकार ने पहले ही राज्य सरकार का जीएसटी का पैसा रोक रखा है। वह नहीं दिया जा रहा। इस बारे में केन्द्र सरकार सोचे कि वह एक रुपया भी कम नहीं कर रही। टैक्स लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार को पेट्रोल-डीजल से होने वाली इनकम का पैसा कहां जा रहा है, यह समझ से परे है। उस पैसे का जनता को कहीं लाभ नहीं मिल रहा। यही वजह है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। खाद्य पदार्थांे के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। आम आदमी एक तरफ कोरोना से मारा गया। दूसरी तरफ महंगाई से मारा जा रहा है।
    शीघ्र होगी जिलाध्यक्षों की नियुक्ति
    भाजपा पर पलटवार करते हुए जिला प्रभारी जिया उर रहमान आरिफ ने कहा कि राज्य सरकार ने अभी वैट में कमी की थी। केन्द्र सरकार भी करे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने 25 सांसद चुनकर दिए। लेकिन किसी ने एक दिन भी जनता के हक की बात संसद में नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार झूठों की सरकार है। जनता के लिए कुछ नहीं कर रही। 25 सांसदों में से एक भी नहीं बोलता। कांग्रेस की आपसी कलह के चलते अभी तक कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष नहीं चुने जाने के सवाल के जवाब में जिला प्रभारी का कहना था कि जिलाध्यक्षों के लिए सबसे रायशुमारी कर ली है। शीघ्र ही नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी जाएगी।
    प्रमुख नेताओं के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
    कोरोना की दूसरी लहर के बाद वे करीब दो-ढाई माह बाद हनुमानगढ़ आए जिला प्रभारी जिया उर रहमान आरिफ ने एकदिवसीय दौरे के दौरान सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकतार्ओं से मुलाकात की। इसके बाद दोपहर 1 बजे पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से दिए गए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की। बैठक में हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार, नोहर विधायक अमित चाचाण, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल, पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी विनोद गोठवाल, डीसीसी के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, जिला खाद्य व्यापार संघ अध्यक्ष कृष्ण जैन, जिला परिषद डायरेक्टर प्रवीणा मेघवाल, कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष तरुण विजय, पूर्व उपसरपंच बलराज सिंह सहित पार्टी के जिले भर से अन्य नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *