उदयपुर
राजस्थान के उदयपुर में ससुर ने अपनी ही बहू के खिलाफ धर्म छिपाकर बेटे से शादी करने और ब्लैकमेल कर एक करोड़ रुपए मांगने का मामला दर्ज करवाया है। भूपालपुरा थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले लड़की ने महिला थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दी थी जो समझाइश के बाद वापस ले ली। इस पूरी कहानी में सवाल यह है कि लड़की ने शादी धर्म बदलकर की या धर्म छिपाकर की।
10 फरवरी को दर्ज कराई रिपोर्ट
पुलिस ने बताया कि उदयपुर निवासी छितरमल जैन ने 10 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बेटे अभिनव जैन की शादी श्रद्धा नाम की लड़की से हुई थी। लेकिन बाद में हमें पता चला कि वो लड़की मुस्लिम है और उसका नाम श्रद्धा नहीं बल्कि सरताज खान पिता सलीम खान है। शादी के कुछ दिनों बाद ही श्रद्धा ने अपने पति और ससुराल वालों को परेशान करना शुरू कर दिया। परिजनों के खिलाफ ही महिला थाने में शिकायत कर दी। समझाने के बाद केस तो वापस ले लिया, लेकिन ब्लैकमेल कर रही है।
ब्लैकमेल कर मांगे एक करोड़ रुपए
भूपालपुरा थानाधिकारी भवानी सिंह राजावत ने बताया कि छीतरमल जैन की और से दी गई रिपोर्ट दर्ज गई है। रिपोर्ट के मुताबिक श्रद्धा ब्लैकमेल कर एक करोड़ रुपए की डिमांड कर रही है। दोनों की शादी 18 जुलाई 2021 को हुई थी। जांच कर रहे हैड कांस्टेबल सियाराम ने बताया कि लड़की निम्बाहेड़ा की रहने वाली है और उदयपुर में पढ़ाई करती थी। अभिनव और लड़की के बीच मुलाकात जल्द ही प्यार में बदल गया। लड़की ने आर्य समाज में धर्म बदलने के बाद शादी की। प्रथम दृष्ट्या यह बात सामने आई है, अभी मामले की जांच जारी है।