सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। कोरोना महामारी के चलते कोविड-19 की पालना करते हुए मुस्लिम समाज के प्रमुख त्योहार ईद की नमाज इस बार भी मस्जिदों व घरों में अदा की गई। शहर में एफ ब्लॉक स्थित जामा मस्जिद के सदर मोहम्मद चिरागदीन बताया कि कोविड गाइडलाइन के चलते ईद की नमाज इस बार ईदगाह में सामूहिक रूप से अदा नहीं करवाई गई। शहर की सभी मस्जिदों में समाज के निर्धारित संख्या में लोगों ने पहुंचकर नमाज अदा की।
नमाज के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की पूरी पालना की गई और देश की खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद समाज के लोगों ने एक दूसरे को बिना गले मिले ईद की मुबारकबाद दी। सोशल मीडिया व दूरभाष पर भी ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला पूरे दिन चला। सदर चिरागदीन ने बताया कि ज्यादा भीड़ इकट्ठी ना हो जाए इसके मद्देनजर एफ ब्लॉक मस्जिद में प्रात: 6 बजे ईद की नमाज अदा करवा दी गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों को अन्य समाज के लोगों ने ईद की मुबारकबाद दी। शहर की अन्य मस्जिदों के साथ मुस्लिम समाज के घरोें में भी लोगों ने खुदा की इबादत में नमाज अदा की।
नेतेवाला। मुस्लिम समाज ने आज बकरीद का त्योहार कोरोना गाइडलाइन के साथ इस समुदाय के लोगों ने अपने घरों में ही मनाया। खुदा की इबादत में नमाज अदा की गई। परिवारों में सभी ने नये वस्त्र पहने वहीं महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाई। कई घरों में कुर्बानी भी दी गई। चक 4 एमएल पठानवाला स्थित जामा मस्जिद में सोशल डिस्टेंसिंग व कोराना गाइडलाइन की पालना के साथ मुस्लिम समाज के लोगों को मौलाना रिहान रजा बरकती न नमाज अदा करवाई। एक दूसरे को बकरीद पर्व की बधाई दी गई।