नई दिल्ली
केरल से आ रहे कोरोना संक्रमण के आंकड़े डराने वाले हैं। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश भर में कोरोना कमजोर हो रहा है, लेकिन केरल ने अब भी सरकार की चिंता बढ़ा रखी है। देश में पिछले 24 घंटे में 46 हजार नए मामले सामने आए है। इनमें से 58% सिर्फ केरल के हैं। बाकी राज्यों में अब भी गिरावट का रुख दिख रहा है। हम अब भी कोरोना की दूसरी लहर में हैं। कई त्योहारों की वजह से अगले दो महीने सितंबर और अक्टूबर बहुत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में वैक्सीन के 80 लाख डोज दिए गए हैं। गुरुवार को भी 4 बजे तक 47 लाख से ज्यादा टीके लगाए जा चुके हैं। कोरोना वैक्सीन बीमारी का खतरा कम करने वाली है न कि इसे रोकने वाली, इसलिए वैक्सीनेशन के बाद भी मास्क का इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है। देश के 41 जिलों में अभी वीकली पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है।
56 दिन बाद आए इतने ज्यादा मामले
देश में 46,280 कोरोना के नए मरीज मिले। यह 56 दिन में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 1 जुलाई को 46,781 केस आए थे। बीते 24 घंटे में 34,242 संक्रमित ठीक हुए और 605 की मौत हो गई। केरल में स्थिति फिर गंभीर नजर आ रही है। यहां बुधवार को 31,445 संक्रमित मिले और 20,271 ठीक हुए। इस दौरान 215 मरीजों ने इस महामारी से जान गंवाई। राज्य का पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 19.03% हो गया है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में…
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 46,265
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 34,242
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 605
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.25 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.17 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.36 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.27 लाख