नई दिल्ली।
अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन चुके हैं। उन्होंने हाल ही में हरभजन सिंह को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी अश्विन को बोलबाला रहा। उनके नाम नाम इस समय 81 टेस्ट मैच में 427 विकेट हो गए हैं और वह दिग्गज ऑलराउंडर कपिल को पछाड़ने से महज 8 विकेट दूर हैं। लेकिन भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड आज भी अनिल कुंबले के नाम है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कुल 619 विकेट लिए हैं। जबकि सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन 800 विकेट के साथ सबसे आगे हैं और आज भी शीर्ष पर हैं।
भारतीय स्पिनर अश्विन से इसी संबंध में उनके एक प्रशंसक ने सवाल किया। अश्विन के यूट्यूब चैनल पर उनके एक फैन ने पूछा कि क्या वो मुरलीधरन से आगे निकल सकते हैं? इस सवाल के जवाब में अश्विन के कहा कि 800 विकेट का आंकड़ा पहुंच से बहुत दूर है।
दरअसल मुरलीधरन ने इसी साल कहा था कि अश्विन 800 टेस्ट विकेट ले सकते हैं। उन्होंने टेलीग्राफ से कहा था कि अश्विन के पास मौका है क्योंकि वह एक महान गेंदबाज है। इसके अलावा, मुझे नहीं लगता कि आने वाला कोई भी युवा गेंदबाज 800 तक जाएगा। शायद नाथन लियोन भी वहां तक पहुंचने के काबिल नहीं हैं। इसी बयान को आधार बनाकर अश्विन के फैन ने उनकी प्रतिक्रिया मांगी। इसके जवाब में भारतीय स्पिनर ने कहा, ‘सबसे पहले, मैं इस तरह के बयान के लिए मुरली अन्ना (मुथैया मुरलीधरन) को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने मुझसे भी कई बार इसका जिक्र किया है। एक बार जब मैं चोटिल हुआ था तो उन्होंने मुझे फोन किया और कहा सुनो, मुझे भी ऐसी ही चोट लगी थी, इसलिए अपना ख्याल रखना। यदि आप तुरंत इस पर पूरा ध्यान नहीं देते हैं तो ये आपको बार-बार परेशान कर सकती है। इसलिए हमारे बीच अच्छा जुड़ाव रहा है। वह वास्तव में एक अच्छे इंसान हैं।’
अश्विन ने आगे कहा, ‘अगर उन्होंने ऐसा कहा है तो मैं वाकई में शुक्रगुजार हूं। लेकिन 800 का लक्ष्य पहुंच से बहुत दूर है। मुझे पता है कि आप सभी को यह उम्मीद है कि मैं उस मुकाम तक पहुंच जाऊं, लेकिन यह बहुत दूर है। मैं एक समय में एक स्टेप लेना चाहता हूं। एक बार में एक विकेट, मैं ऐसे चीजों को देख रहा हूं।’