शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को जेल तक पहुंचाने वाले NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े अब क्रूज ड्रग्स केस की जांच टीम को लीड नहीं करेंगे। मुंबई जोनल यूनिट के पास मौजूद क्रूज मामले समेत ड्रग्स से जुड़े 6 केस की जांच के लिए NCB के डायरेक्टर जनरल ने स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम (SIT) बना दी है। SIT का हेड NCB की ऑपरेशंस विंग के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (DDG) संजय सिंह को बनाया गया है। हालांकि, वानखेड़े समेत उनकी जांच टीम के सभी अधिकारी अब भी इन मामलों से जुड़े रहेंगे, लेकिन अब वे IPS संजय सिंह के निर्देशों का पालन करेंगे।
वानखेड़े को हटाए जाने की खबरें सामने आने के बाद DDG ने बाकायदा ऑफिशियल बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी को मौजूदा रोल से नहीं हटाया गया है। वे ऑपरेशंस विंग की जांच टीम को असिस्ट करेंगे। वहीं NCB के साउथ वेस्टर्न रीजन के डिप्टी DG मुथा अशोक जैन ने कहा कि हमारे जोन में आर्यन समेत कुल 6 मामलों की जांच अब दिल्ली की टीम करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, वसूली समेत फर्जी कास्ट सर्टिफिकेट के आरोपों के बाद वानखेड़े पर कार्रवाई की तलवार लटक रही थी। NCB के उच्च अधिकारी मामले की जांच भी कर रहे हैं। वसूली मामले की जांच कर रहे NCB के DDG ज्ञानेश्वर सिंह सोमवार को फिर दिल्ली से मुंबई पहुंच रहे हैं।