मुंबई
कंगना रनोट हाल ही में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘थलाइवी’ के बाद इन दिनों ‘तेजस’ की शूटिंग मुंबई में कर रही हैं। मुंबई शेड्यूल के बाद वे फिल्म की शूटिंग के लिए 23 सितंबर को मुरादाबाद और लखनऊ का रुख करेंगी। वहां वे ‘तेजस’ के लिए पुलिस एकेडमी से जुड़े सीन शूट करेंगी। उसके बाद बतौर एक्टर वे इंदिरा गांधी वाले प्रोजेक्ट पर जुटेंगी। उनके करीबियों ने इसकी पुष्टि की है। ‘थलाइवी’ में अपने किरदार के लिए कंगना ने 15 किलो वजन गेन किया था। फिर ‘तेजस’ के लिए उन्होंने भाग्यश्री की सलाह पर बिना कीटो डाइट फॉलो किए वजन कम किया था।

फिल्म में आतंकी संगठनों के नापाक मंसूबों को तबाह करेंगी कंगना
‘तेजस’ से जुड़े सूत्रों ने बताया, “यह पूरी तरह ‘एयरलिफ्ट’ और ‘उरी’ की तरह सच्ची घटनाओं पर बेस्ड नहीं है। इसमें पायलट के रोल में कंगना रनोट पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों के नापाक मंसूबों को तबह करेंगी। ‘तेजस’ के लिए कंगना ने अपना काफी वजन कम किया है, जो ‘थलाइवी’ के दौरान बढ़ा हुआ था। वे ऐसा ‘थलाइवी’ में उनकी मां के रोल में नजर आईं भाग्यश्री की सलाह पर कर सकीं थीं।

कंगना ने वेट कम करने के लिए मुझसे टिप्स लिए थे: भाग्यश्री
भाग्यश्री ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में कहा, “कंगना ने दरअसल शूट शुरू होने से पहले ही मुझसे कहा था कि उन्हें जयललिता किरदार के लिए तकरीबन 15 किलो वेट गेन करना होगा। मगर बाद में उन्हें वेट कम करने के लिए मुझसे टिप्स चाहिए, क्योंकि मैं न्यूट्रिशन में सालों से रही हूं। कंगना ने दरअसल वेट बढ़ाने के लिए मिठाइयों का सेवन बहुत किया था। वजन बढ़ने के चलते कोलेस्ट्रॉल में खासा इजाफा हो गया था। अमूमन तेजी से वजन कम करने के लिए लोग कीटो डाइट का सहारा लेने लगते हैं, जबकि वह हेल्थ के लिए सही नहीं होता। मेरे कहने पर कंगना ने उसके बजाय सुबह गर्म पानी में चुटकी भर दालचीनी पाउडर मिलाकर पिया। मैंने इस तरह के और भी छोटे छोटे सजेशंस दिए थे। उनसे कंगना को वेट कम करने में काफी मदद मिली।”

भाग्यश्री ने कंगना से वादा किया है कि वह अब फिल्मों से दूर नहीं रहेंगी
कंगना रनोट भी भाग्यश्री की फिल्मों की मुरीद रही हैं। भाग्यश्री ने आगे उनसे और अपने चाहने वालों से वादा किया है कि वह अब फिल्मों से दूर नहीं रहेंगी। भाग्यश्री आगे प्रभास और पूजा हेगड़े संग ‘राधे श्याम’ में भी नजर आएंगी। भाग्यश्री ने बताया, ” ‘राधे श्याम’ पूरी हो चुकी है। इस फिल्म को लेकर खूबसूरत और खतरनाक दोनों अनुभव रहे हैं। खूबसूरत यूं कि फिल्म की शूटिंग जॉर्जिया के ऐतिहासिक लोकेशनों पर हुई। वे सब जगह बड़ी सुंदर थीं। फिल्म में मैं डांसर के रोल में हूं। उसके लिए तीन महीने डांस की ट्रेनिंग की थी। रोजाना कई घंटों की ट्रेनिंग के बाद शूटिंग भी करती थी।”

भाग्यश्री ने कहा, “‘राधे श्याम’ पर शूट के बाद पूरी कास्ट खतरनाक अनुभव से भी गुजरी। वह इस तरह कि जॉर्जिया में फिल्म की शूटिंग पिछले साल 21 मार्च के आसपास हो रही थी। लॉकडाउन के आसार बन चुके थे। किसी तरह फ्लाइटें अरेंज हुईं। सब वहां से निकले तो एयरपोर्ट सुनसान थे। इंडिया वापसी के क्रम में इस्तांबुल में फ्लाइट का स्टॉप ओवर था। इस्तांबुल दुनिया का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट माना जाता है। वहां मगर जो मातमी सन्नाटा था, वह देख लगा कि हम इंडिया पहुंच सकेंगे या नहीं। अब फिर से दुनिया खुल रही है।”