Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खिलाड़ियों ने सीखी क्रिकेट की बारिकियां

  • 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का समापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला क्रिकेट संघ की ओर से जंक्शन स्थित जिला क्रिकेट क्लब ग्राउंड में आयोजित किए गए 15 दिवसीय क्रिकेट के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का समापन गुरुवार को समारोहपूर्वक हुआ। प्रशिक्षण शिविर में 14, 16 व 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बालकिशन गोल्याण, डॉ. प्रदीप सहारण सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिला कलक्टर डिडेल ने अपने संबोधन में कहा कि हनुमानगढ़ जिले में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ युवाओं को खेल से जोड़ना बहुत जरूरी है। प्रशासन भी इसी के लिए प्रयासरत है। छोटी से छोटी प्रतियोगिता के आयोजन में जाकर खिलाड़ियों के साथ अभिभावकों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रयास किया जा रहा है कि हर गांव, पंचायत में कम से कम एक खेल का मैदान विकसित हो। क्रिकेट खेल के लिए जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी व सदस्य सक्रिय होकर कार्य कर रहे हैं। जब-जब जिले में कोई भी प्रतियोगिता होगी, जिला प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। डिडेल ने कहा कि खेल मैदान में कैसे बेहतर सुविधाएं विकसित कर सकते हैं, उसके लिए भी भामाशाह आगे आ रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों को बढ़ावा देते हुए हनुमानगढ़ का सुनहरा भविष्य तय होगा। जिला क्रिकेट संघ के सचिव मनीष धारणिया ने बताया कि 18 मई से 2 जून तक क्रिकेट के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिला क्रिकेट क्लब ग्राउंड में किया गया। प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से और अधिक फिट करना और खेलों की बारिकियां सिखाना था। चार से अधिक विख्यात कोचों ने खिलाड़ियों को गुर दिए। पूरे जिले से 135 से अधिक क्रिकेट खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण हासिल किया। इनमें 22 महिला क्रिकेट खिलाड़ी भी शामिल थीं। प्रशिक्षण को लेकर युवाओं में काफी उत्साह नजर आया। भविष्य में प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों में से ही अंडर 14, अंडर 16 व अंडर 19 की टीमों का चयन किया जाएगा। धारणिया ने बताया कि हरियाणा के भिवानी जिले से तीन ट्रक मिट्टी मंगवाई गई है। विख्यात लाली स्टेडियम में इसी मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है। यह क्रिकेट पिच के लिए सबसे अच्छी मिट्टी है। जिला क्रिकेट संघ जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों को यथासंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्ध व संकल्पबद्ध है। इस मौके पर जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष संजीव बेनीवाल, राजीव गोदारा, बलविंद्र खोसा, कन्हैया लाल पारीक सहित कई खेलप्रेमी मौजूद थे।