श्रीगंगानगर
जिले के श्रीबिजयनगर और रामसिंहपुर के बीच गंगनहर की करणी जी वितरिका से निकलने वाली जीबी माइनर में शनिवार सुबह कटाव आ गया। इससे करीब दो सौ बीघा में पानी फैल गया। किसानों को जानकारी मिलते ही उन्होंने सिंचाई विभाग के ऑफिसर्स को सूचित किया। किसानों ने अपने स्तर पर भी प्रयास शुरू कर दिए। दोपहर तक प्रयास करने के बाद नहर को बांध दिया गया। तब तक बड़े इलाके में पानी फैल चुका था। नहर में दस फुट का यह कटाव 55 जीबी माइनर में 52 जीबी मोघे के पास आया।
गेहूं और सरसों की फसल को हुआ नुकसान
जीबी माइनर के आसपास के इलाके में किसानों के खेत है। शुक्रवार देर रात किसी समय नहर में कटाव आना शुरू हुआ जो लगातार बढ़ता चला गया। सुबह किसानों ने खेतों में पानी फैलता देखा तो उन्हें नहर में कटाव की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। इसके साथ ही किसानों ने अपने स्तर पर ही व्यवस्थाएं कर नहर बांधने का काम शुरू कर दिया। तेज सर्दी के बावजूद आसपास के किसान जुटे और करीब चार से पांच घंटे की मशक्कत के बाद उन्होंने नहर बांध दी।