श्रीगंगानगर
शहर के सुखाड़िया नगर में एक मकान के आगे कुछ बदमाशों ने हवाई फायर किया। अचानक सुबह-सुबह फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। इस आवाज के बाद लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक बदमाश मौके से भाग चुके थे। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जानकारी जुटाई जा रही है।
जवाहर नगर एसएचओ फूलचंद के अनुसार यह फायरिंग सुखाड़िया नगर में अरुण जैन के मकान के सामने की गई। ये बदमाश कौन थे, इसका सुराग लगाने के लिए पुलिस टीम सक्रिय हो गई है, लेकिन लोगों में आक्राेश छा गया है। लोगों का कहना है कि लोग हथियार लहराते हुए अब कॉलोनियों तक में प्रवेश करने लगे हैं और पुलिस कुछ कर पाने में सक्षम भी नहीं है।
एफएसएल टीम पहुंची मौके पर
सूचना मिलने के साथ ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना सुबह करीब पांच बजे के आसपास हुई। पुलिस को सूचित किया और इसके बाद जांच शुरू की गई। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
आठ राउंड फायर होने की मिली जानकारी
एफएसएल टीम ने मौके से 8 गोलियों के खोल बरामद किए हैं। ऐसे में मौके पर आठ फायर होने का अनुमान है। पुलिस के अनुसार अभी जांच की जा रही है। इस संबंध में मामला दर्ज करवाने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा।
वायरल वीडियो में ली फायरिंग की जिम्मेदारी
इस बीच इलाके में एक वीडियाे वायरल हुआ है। इसमें एक व्यक्ति ने ये हवाई फायरिंग अरुण जैन के घर के बाहर होने की बात कहीं गई। वीडियो में अरुण जैन के साथ किसी के दो करोड़ आठ लाख रुपए का लेनदेन होने की बात कही गई है। साथ ही रुपए नहीं चुकाने पर हत्या की धमकी भी दी गई है। वीडियो में यह हमला धोळू चौधरी की ओर से करवाने का हवाला दिया गया है। हालांकि दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि ्नहीं करता है। फिर भी यह वायरल वीडयो पूरा दिन चर्चा में रहा। पुलिस के अनुसार फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने पर ही कुछ कहा जा सकता है।