हनुमानगढ़ । जंक्शन में राजीव चौक से अग्रसेन चौक तक सड़क में बने गड्ढों से हो रही परेशानी से अब जल्द ही वाहन चालकों को निजात मिलेगी। आखिरकार लम्बे समय के इंतजार के बाद मंगलवार को गड्ढों में तब्दील हो चुकी शहर की इस मुख्य सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया। विधायक चौधरी विनोद कुमार व नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल ने सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस सड़क का निर्माण 2 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। मार्च तक कार्य पूर्ण कर सड़क का लोकार्पण होने की उम्मीद है। इस मार्ग पर सीसी व डामर रोड बनेगी। बस स्टैंड से लेकर एसबीआई बैंक तक 400 मीटर के टुकड़े पर सीसी रोड बनेगी। इसके बाद बाइपास तक डामर रोड बनेगी। इस दौरान विधायक ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं हो। इसके लिए रोड के आसपास के दुकानदार भी ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने नगर परिषद व पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आपस में तालमेल रखकर निर्माण कार्य करने की सलाह दी। हर सप्ताह गुणवत्ता की जांच करने को कहा। शिलान्यास के बाद विधायक चौधरी विनोद कुमार ने आज के दिन को शहर के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि काफी समय से शिकायत थी कि राजीव चौक से अग्रसेन चौक तक सड़क जर्जर हालत में है। वाहन चालकों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपए सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत हुए हैं। नगर परिषद की ओर से सड़क के दोनों तरफ लेवल के अनुसार नाले का निर्माण किया जाएगा ताकि सड़क पर पानी एकत्रित होने की समस्या से निजात मिले। विधायक ने बताया कि संगरिया रोड के निर्माण कार्य का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा। वह भी जल्दी स्वीकृत होने की उम्मीद है। गांधीनगर अण्डरपास को लेकर विधायक ने बताया कि कन्या स्कूल से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तक भव्य सड़क बनाने की योजना है। करीब एक पखवाड़े के बीच गांधीनगर अण्डरपास आमजन को समर्पित कर दिया जाएगा।