सायरा बानो का हिंदुजा अस्पताल में इलाज करने वाले डॉक्टर नितीन गोखले ने एक इंटरव्यू में बातचीत के दौरान उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के बारे में बताया और कहा कि वो अब ठीक हैं। दरअसल इंटरनेट पर कुछ रिपोर्ट्स हैं, जिसका श्रेय एक डॉक्टर को दिया जाता है, जिसमें कहा गया है कि सायरा बानो हिंदुजा के डॉक्टर्स को अपनी एंजियोग्राफी नहीं करने दे रही हैं (क्योंकि उन्हें वेंट्रिकुलर फेल हो गया है) और वो डिप्रेशन से जूझ रही हैं। लेकिन यह रिपोर्ट सच साबित नहीं हुई है।
एंजियोग्राफी से परहेज नहीं कर रही हैं सायरा बानो
डॉ. नितीन गोखले इसे स्पष्ट करते हुए कहते हैं, “सायरा जी डिप्रेशन से नहीं जूझ रही हैं, साथ ही उन्हें बिल्कुल भी मुश्किल नहीं हो रही है, जिसका दूसरे शब्दों में मतलब है कि वो एंजियोग्राफी से परहेज नहीं कर रही हैं।” डॉ गोखले आगे कहाते हैं, “जैसा कि मैंने आपको पिछली बार बताया था कि एंजियोग्राफी बाद की तारीख में की जाएगी जब हम उनकी डायबिटीज को कंट्रोल कर लेंगे। तो उसके लिए ‘ना’ कहने का सवाल ही नहीं है?”
आईसीयू से बाहर आ गईं हैं सायरा बानो
डॉ गोखले ने यह भी खुलासा किया कि सायरा बानो को अब आईसीयू से बाहर कर दिया गया हैं। इस बारे में डॉ. कहते हैं, “वो एक कमरे में चली गई हैं। वो पहले से बहुत बेहतर हैं। वास्तव में, ठीक हैं।”
सायरा और दिलीप की जोड़ी
सायरा बानो ने 1961 की फिल्म ‘जंगली’ में शम्मी कपूर के साथ काम करके अपने करियर की शुरुआत की और उसके बाद ‘ब्लफ मास्टर’, ‘झुक गया आसमान’, ‘आई मिलन की बेला’, ‘प्यार मोहब्बत’, ‘विक्टोरिया नंबर 203’, ‘आदमी और इंसान’, जैसी फिल्मों में काम किया था। सायरा-दिलीप की जोड़ी ने ‘सगीना’ और ‘गोपी’ सहित कई फिल्मों में एक साथ काम किया और 1966 में दोनों ने शादी की थी। बता दें कि, दिलीप कुमार का लंबी बीमारी के बाद 7 जुलाई को 98 साल की उम्र में निधन हो गया था।