15 सूत्री मांगों को लेकर हुए समझौते की पालना न होने से नाराज सरपंचों ने दर्ज कराया विरोध हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। सरपंच संघ हनुमानगढ़ के सरपंचों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर चल पड़ा है। इसके तहत सरपंच संघ की ओर से पूर्व घोषणानुसार सोमवार को जिले की सभी पंचायतों पर तालाबंदी कर विरोध दर्ज कराया गया। आंदोलन की आगामी कड़ी में सरपंचों ने 22 मार्च को जयपुर में विधानसभा का घेराव करने की घोषणा की है। सरपंच संघ हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सहारण ने बताया कि जिलेभर के सरपंच अपनी 15 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की सरकार से लंबे समय से मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में अब सरंपचों के पास विरोध के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। अगर उसके बाद भी सरपंच संघ की मांगों का निस्तारण नहीं होता है तो 22 मार्च को सरपंच विधानसभा का घेराव करेंगे। ग्राम पंचायत गुरुसर सरपंच रामेश्वर लाल ने कहा कि सरपंच पहले ही चेता चुके हैं कि संघ की मांगों को लेकर सरकार कोई कदम उठाए अन्यथा सरपंचों का विरोध झेलने के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से समय पर बजट नहीं मिलने से पंचायतों में विकास काम ठप पड़ गए हैं। जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से ग्राम पंचायतों के विकास के लिए छठे राज्य वित्त आयोग की वित्तीय वर्ष 2021-22 की 3 हजार करोड़ रुपए और 15वें वित्त आयोग की दूसरी किश्त 1500 करोड़ रुपए जारी नहीं की गई है। इसके चलते पंचायतों में विकास के काम अटके पड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन मांगों के लिए लंबे समय से सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन सरकार का रुख अभी सकारात्मक नहीं दिखा है। ऐसे में सरपंच संघ हनुमानगढ़ अब आंदोलन करने को मजबूर हुआ है।