अपहरण के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, नहर की पटरी पर मिला शव
by seemasandesh
पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की बात आई सामने, परिजनों ने पांच-छह जनों पर जताया हत्या करने का शक हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन थाना क्षेत्र के गांव जोरावरपुरा निवासी एक युवक की अपहरण के बाद लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने गांव व रावतसर के करीब आधा दर्जन युवकों पर हत्या का शक जताया है। इससे पहले मंगलवार देर रात्रि को अपहरण की सूचना के बाद हरकत में आई जिले की पुलिस नाकाबंदी कर युवक व अपहरणकतार्ओं की तलाश में जुटी थी कि युवक का शव बुधवार सुबह गांव जोरावरपुरा के पास ही सूरतगढ़ ब्रांच की पटरी पर मिला। परिजनों ने मुकदमा दर्ज करने के लिए टाउन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा है। दोपहर समाचार लिखे जाते समय तक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी थी। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 11.30 बजे किसी ने कंट्रोल रूम में सूचना दी कि टाउन थाना क्षेत्र के गांव जोरावरपुरा निवासी मुकेश जाट (20) पुत्र भूपराम सिहाग शराब ठेका पर गया था। रास्ते में उसका जीप सवार अज्ञात जनों ने अपहरण कर लिया है। कंट्रोल रूम से जिले के सभी पुलिस थानों में सूचना देकर नाकाबन्दी करवाई गई। टाउन पुलिस ने भी नाकाबन्दी करने के साथ युवक मुकेश जाट व अपहरणकतार्ओं की तलाश शुरू की। लेकिन पूरी रात न तो अपहृत युवक और न ही अपहरणकतार्ओं का कोई सुराग लगा। इस बीच बुधवार सुबह किसी ने पुलिस को सूचना दी कि युवक मुकेश जाट का शव गांव जोरावरपुरा से करीब दो मुरब्बा दूर सूरतगढ़ ब्रांच की पटरी पर पड़ा है। सूचना मिलने पर सीओ सिटी प्रशान्त कौशिक, टाउन पुलिस थाना की कार्यवाहक प्रभारी एसआई संजू रानी, शेरगढ़ चौकी प्रभारी एसआई विजय पाल बिश्नोई, एएसआई गिरधारी लाल व लखूवाली चौकी से पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की वीडियोग्राफी करवाई। मृतक के पूरे शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस की मानें तो युवक का शव देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि उसके साथ लाठियों से बुरी तरह से मारपीट की गई। या तो आरोपियों की ओर से की गई मारपीट में लगी चोटों से युवक की मौत हो गई या मारपीट करने के बाद उसका गला घोंटकर या मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक के पैरों पर सोजन आई हुई थी तथा मौके पर खून बिखरा हुआ था। चेहरा मिट्टी से लथपथ था। मौके पर आक की लकड़ी के टुकड़े भी बिखरे हुए मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में पहुंचाया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि मुकेश की गांव जोरावरपुरा व रावतसर के पांच-छह युवकों के साथ अनबन चल रही थी। उन्हें शक है कि इन्हीं युवकों ने मुकेश जाट का अपहरण कर उसकी लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद मृतक मुकेश जाट का शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, कार्यवाहक थाना प्रभारी संजू रानी के अनुसार ग्रामीणों से हुई पूछताछ में कोई ऐसा प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया जो यह बता सके कि उसने अपहरण कर ले जाते देखा हो। उन्होंने बताया कि परिजनों ने कुछ जनों पर शक जताया है। रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा टाउन पुलिस के अनुसार मृतक मुकेश जाट जब नाबालिग था तब उसका गांव व रावतसर के कुछ युवकों के साथ लड़ाई-झगड़ा हो गया था। तब मुकेश जाट के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। उस मामले में पुलिस ने मुकेश जाट को निरुद्ध कर बाल सम्प्रेषण गृह भिजवा दिया था। परिजनों ने जिन युवकों पर हत्या करने का शक जताया है कि उन्हीं युवकों के साथ मुकेश जाट का नाबालिग रहते समय लड़ाई-झगड़ा हुआ था। उसी विवाद की रंजिश के चलते मुकेश जाट की हत्या करने की बात सामने आ रही है। मृतक अविवाहित था। उसका एक बड़ा भाई है।