Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

चलती कार में लगी आग, बांटने जा रहा था शादी के कार्ड

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। खुद की शादी के कार्ड बांटने जा रहे युवक की कार में रास्ते में आग लग गई। आग लगने का पता चलने पर युवक गाड़ी से नीचे उतरा ही था कि देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। जब तक फायर ब्रिगेड कर्मियों की ओर से आग को बुझाया जाता तब तक वह कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार गांव करणीसर सहजीपुरा निवासी युवक गुरचरण सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह रायसिख कार नम्बर एचआर 48 बी 2576 पर अकेला ही सवार होकर गांव से हनुमानगढ़ टाउन अपनी शादी के कार्ड बांटने के लिए रवाना हुआ। वह टाउन में बाइपास रोड पर स्थित बेनीवाल अस्पताल के नजदीक पहुंचा तो अचानक कार में इंजन के हिस्से में आग लग गई। आग लगने का पता चलते ही गुरचरण सिंह ने सड़क किनारे गाड़ी रोकी और खुद सुरक्षित नीचे उतर गया। कुछ देर में कार से आग की लपटें निकलनी लगी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर टाउन पुलिस व नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। तब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। गाड़ी में रखा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस व गाड़ी के दस्तावेज भी आग लगने से जल गए। गनिमत रही कि जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।