Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

चाकू मारकर घायल करने के मामले में कार्रवाई की मांग

  • एसपी को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    चोरी के इरादे से घर में घुसकर चाकू से वार कर महिला को घायल करने के संबंध में गोलूवाला पुलिस थाना में दर्ज मामले में कार्रवाई करने की मांग को लेकर एक दिव्यांग ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर दिव्यांग सन्दीप पुत्र बनवारी लाल मेघवाल निवासी वार्ड 8, गोलूवाला निवादान ने बताया कि वह अपनी माता के साथ रहता है। 7 अप्रेल की रात्रि को अज्ञात व्यक्ति ने चोरी के उद्देश्य से उनके घर में घुसकर उसकी माता नोरादेवी (60) के चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया। उसकी माता के शोर मचाने पर अज्ञात शख्स जेवरात आदि छीनकर ले जाने में सफल नहीं हुआ। शोर सुनकर वह बाहर आया तो उक्त व्यक्ति वहां से भाग गया। उसने इस संबंध में गोलूवाला पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया। मामले की जांच एएसआई रायसिंह के पास है। लेकिन जांच अधिकारी की ओर से अभी तक यह घटना कारित करने वाले अज्ञात जने के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। न ही पुलिस अभी तक अज्ञात व्यक्ति का पता लगा पाई है। वह थाना में जाकर कई बार जांच अधिकारी से मिला लेकिन उसे कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इस मौके पर मौजूद समाज के नागरिकों ने कहा कि इस घटना से दलित समाज में रोष-आक्रोश है। अगर इस घटना के सम्बन्ध में शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं की गई तो दलित समाज को आन्दोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की कि अज्ञात शख्स का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने के आदेश जांच अधिकारी को दिए जाएं। इस मौके पर सोनू चौपड़ा, रमेश कुमार, मनोहर, विनोद, रूघवीर, रेवन्तराम पंवार, गुरदीप सिंह, विकास, बुधराम, अशोक आदि मौजूद थे।