महिला कांस्टेबल तक पहुंचाया चोरी हुआ मोबाइल फोन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन स्थित नगर परिषद उप कार्यालय के पार्क में लावारिस हालत में मिला मोबाइल फोन उसके मालिक तक पहुंचाकर माली का कार्य करने वाले एक व्यक्ति ने इमानदारी का परिचय दिया। जानकारी के अनुसार नगर परिषद उप कार्यालय के पार्क की सार-सम्भाल करने के लिए रखे गए माली कैलाश को पार्क में छुपाकर रखा गया कीमती मोबाइल फोन मिला। माली कैलाश ने गार्ड गुरचरण धूड़िया के सहयोग से मोबाइल फोन मालिक का पता लगाया तो जानकारी मिली कि यह मोबाइल फोन पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत महिला कांस्टेबल ओमवती का है। सूचना पर नगर परिषद उप कार्यालय पहुंची कांस्टेबल ओमवती को माली कैलाश ने गुरचरण धूड़िया की मौजूदगी में मोबाइल फोन सौंप दिया। कांस्टेबल ओमवती ने बताया कि उसका मोबाइल फोन गत दिनों चोरी हो गई थी। संभवतया किसी ने मोबाइल फोन चुराकर पार्क में छुपा दिया होगा। कांस्टेबल ओमवती ने माली कैलाश की इमानदारी की सराहना करते हुए उन्हें मिठाई का डिब्बा भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया।