छात्रसंघ चुनाव की मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण सम्पन्न हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को पोल हुए वोटों की शनिवार को गिनती का कार्य पूर्ण होने के साथ ही कॉलेज की सरकार का भाग्य मतपेटियों से बाहर आ गया। अधिकतर कॉलेजों में मतगणना शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही परिणाम सामने आ गया। अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर विजयी रहे उम्मीदवारों के समर्थक छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर, डीजे व ढोल की थाप पर नाचकर जीत का जश्न मनाया। जिले में कहीं छात्र संगठन एबीवीपी, कहीं एनएसयूआई, कहीं एसएफआई तो कहीं निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी। जिला मुख्यालय की बात करें तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से चुनाव मैदान में उतारे गए व समर्थन वाले प्रत्याशियों का कॉलेज की सरकार बनाने के लिए दबदबा रहा। विजयी उम्मीदवारों को परिणाम आने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से शपथ ग्रहण करवाई गई। उधर, हारे हुए उम्मीदवारों के चेहरों पर मायूसी नजर आई। चुनाव मैदान में भाग्य आजमाने के उतरी कई छात्रा प्रत्याशी हार के बाद खुद को संभाल नहीं पाई और नतीजा सुनकर रोने लगीं। जिले के सबसे बड़े सरकारी कॉलेज हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय नेहरू मेमोरियल पीजी महाविद्यालय में निर्दलीय रूप से चुनाव मैदान में उतरे व एबीवीपी समर्थित उम्मीदवार जयपाल भारती के सिर जीत का सेहरा सजा। इससे पहले छात्रसंघ चुनावों की मतगणना को लेकर सवेरे से ही प्रत्याशियों में उत्साह बना हुआ था। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी व उनके समर्थक मतगणना शुरू होने से पहले ही कॉलेज कैम्पस के बाहर जुट गए। मतगणना सुबह 10 बजे शुरू हुई। जैसे ही विजयी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान हुआ कॉलेज कैम्पस के बाहर मौजूद विजेता प्रत्याशियों व उनके समर्थकों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने एकसाथ होली-दिवाली मनाई। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को कंधे पर उठा लिया। विजयी जुलूस निकाले गए। मतगणना स्थल के बाहर सवेरे से ही पुलिस जाप्ता तैनात रहा। कॉलेज कैम्पस के अंदर केवल प्रत्याशी और उनके एजेंट को ही जाने दिया गया। बाहर बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के समर्थक खड़े समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। उधर, मतगणना शुरू होने से पहले अधिकतर प्रत्याशियों ने धार्मिक स्थानों पर पहुंचकर मात्था टेक जीत की प्रार्थना की। प्रत्याशी ही नहीं उनके समर्थकों ने भी भी जीत के लिए प्रार्थना की। गौरतलब है कि मतदान शुक्रवार को सुबह आठ बजे से एक बजे तक हुआ। मतदान के बाद मतपेटियों को सील कर कोषागार में जमा करवाया गया था। शनिवार सुबह कोषागार से मतपेटियां प्राप्त कर सुबह 10 बजे से मतगणना का कार्य शुरू किया गया।