Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

चेन्नई-बेंगलुरु मैच से पहले आई रेत की आंधी, फिर मेंटर धोनी ने पढ़ाया कप्तान विराट को क्रिकेट का पाठ

शारजाह

IPL-2021 में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले मैच का टॉस रेत की आंधी के कारण समय पर नहीं हुआ। RCB के कप्तान विराट कोहली ने इस देरी का बखूबी फायदा उठाया। उन्होंने CSK के कप्तान और टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के मेंटर बनाए गए महेंद्र सिंह धोनी से लंबी बात की।

विराट को समझाते हुए नजर आए धोनी
विराट और धोनी के ऊपर रेतीली आंधी का कोई खास फर्क पड़ता नहीं दिखा। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने दोनों कप्तानों से कहा कि टॉस में देरी होगी। इसके बाद धोनी लंबे समय तक विराट को कुछ समझाते हुए दिखे।

धोनी की कप्तानी में निखरे थे कोहली
विराट और धोनी के बीच के अच्छे रिश्ते पहले भी सुर्खियों में आते रहे हैं। धोनी की कप्तानी में विराट कोहली ने 210 इंटरनेशनल मैच खेले और 49.10 की औसत से 9280 रन बनाए। विराट के 25 अंतरराष्ट्रीय शतक धोनी की कप्तानी में ही बने। विराट को बतौर कप्तान तैयार करने का श्रेय भी धोनी को ही जाता है।

वर्ल्ड कप में भी धोनी देंगे टिप्स
धोनी को UAE और ओमान में अगले महीने शुरू हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का मेंटर बनाया गया है। विराट टीम के कप्तान होंगे। विराट की अगुवाई में भारतीय टीम अब तक एक भी ICC खिताब नहीं जीत पाई है। इसे देखते हुए BCCI ने धोनी को टीम से जोड़ने का फैसला किया।

दो वर्ल्ड कप और तीन IPL जीत चुके हैं धोनी
धोनी अपनी कप्तानी में भारत को 2 वर्ल्ड कप (1 वनडे और 1 टी-20) और 1 चैंपियंस ट्रॉ़फी का खिताब दिला चुके हैं। साथ ही वे तीन बार IPL भी जीत चुके हैं। विराट अपनी कप्तानी में अब तक एक IPL खिताब भी नहीं जीत सके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *