Monday, November 23निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खेजड़ी का पेड़ काटा, लोगों ने अस्पताल के सामन लगाया धरना

  • राज्य वृक्ष को काटने से आक्रोशित बिश्नोई समाज व पर्यावरण प्रेमियों ने की चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन में जंक्शन मार्ग पर स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर लगे खेजड़ी को रातोंरात काट दिया गया। शुक्रवार सुबह राज्य वृक्ष को काटने का पता चलने पर बिश्नोई समाज में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित बिश्नोई समाज के नागरिक व पर्यावरण प्रेमी उक्त अस्पताल के समक्ष जमा हो गए और धरना शुरू कर दिया। उन्होंने पेड़ कटवाने वाले निजी अस्पताल के संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित नागरिकों से समझाइश के प्रयास किए। जानकारी के अनुसार टाउन में जंक्शन मार्ग पर स्थित न्यू दिल्ली स्किन हॉस्पिटल के बाहर सड़क किनारे लगे राज्य वृक्ष खेजड़ी को गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे काटने की सूचना मिलने पर बिश्नोई समाज के नागरिक मौके पर पहुंचे तथा पेड़ काटे जाने का विरोध किया। उस समय पेड़ काटा नहीं गया था। अस्पताल संचालक को पेड़ नहीं काटने की सलाह देकर बिश्नोई समाज के नागरिक वहां से चले गए। लेकिन इसके बाद रात्रि को अस्पताल के सामने लगे खेजड़ी के पेड़ को काट दिया गया। इससे बिश्नोई समाज के नागरिक आक्रोशित हो गए। आक्रोशित बिश्नोई समाज के नागरिकों ने पर्यावरण प्रेमियों के साथ चिकित्सालय के बाहर धरना लगा दिया। उन्होंने हॉस्पिटल संचालक डॉ. ओआर चौधरी पर खेजड़ी का पेड़ काटने का आरोप लगाते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग की। विवाद की सूचना मिलने पर टाउन थाना के एसआई पूर्णसिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित बिश्नोई समाज के नागरिकों का आरोप था कि मना करने के बावजूद अस्पताल संचालक की ओर से रात्रि को पेड़ कटवा दिया गया। इससे बिश्नोई समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन व वन विभाग ने अस्पताल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की तो बिश्नोई समाज की ओर से आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उनका आरोप था कि सूचना देने के बाद भी पुलिस ने इस संबंध में कोई कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। मौके पर पहुंचे एसआई पूर्णसिंह ने जांच व कार्रवाई की बात कहकर आक्रोशित नागरिकों से समझाइश की। पुलिस की समझाइश के बाद बिश्नोई समाज के नागरिक व पर्यावरण प्रेमी टाउन पुलिस थाना पहुंचे तथा मुकदमा दर्ज करने के लिए परिवाद सौंपा। इस मौके पर विनीत बिश्नोई, मनोहर लाल कड़वासरा, जगदीश गोदारा, हनुमान भाम्भू, सत्यनारायण, पवन चाहर, कुलदीप सहारण, राजेंद्र गोदारा, अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सुरेंद्र लाम्बा, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *