चोरी के शक में दो नाबालिग सहित तीन जनों को थाना ले जाकर किया टॉर्चर!
by seemasandesh
साढ़े तीन घंटे तक पुलिस थाना में रखकर मारपीट-गाली गलौज करने का आरोप, आक्रोशित नागरिकों का पुलिस थाना पर प्रदर्शन, दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, एसपी के नाम थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन गोलूवाला (सीमा सन्देश न्यूज)। चोरी करने के शक में दो नाबालिग लड़कों सहित तीन जनों को बाजार से उठाकर पुलिस थाना ले जाने व करीब साढ़े तीन घंटे तक प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित नागरिकों ने सोमवार को गोलूवाला पुलिस थाना पर प्रदर्शन किया। नागरिकों ने थाना के दोनों पुलिस कर्मियों को हटाने व उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग का एसपी के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। गोलूवाला सिहागान सरपंच प्रतिनिधि जगदीश सारस्वत एवं गणेश कालवा के नेतृत्व में पुलिस थाना पर प्रदर्शन कर रहे नागरिकों का कहना था कि पढ़ाई करने वाला गोलूवाला निवादान निवासी 17 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र रामकुमार मेघवाल रविवार शाम करीब 6.30 बजे कॉपी-किताब लेने के लिए बाजार गया था। रास्ते में उसे गोलूवाला निवादान के ही अर्जुन (16) पुत्र मंगलाराम वाल्मीकि व श्योपतराम पुत्र भीखाराम मेघवाल मिल गए। अर्जुन आर्मी की तैयारी करता है व श्योपतराम पढ़ाई करता है। वे तीनों आपस में बातें कर रहे थे कि तभी गोलूवाला पुलिस थाना के दो सिपाही सुरेन्द्र व विष्णुदत्त वहां आए। आते ही तीनों को पकड़ लिया तथा अभद्र व्यवहार करते हुए गालियां निकाली तथा कहा कि तीनों ने कुल्फी वाले के यहां चोरी की है। इस पर तीनों लड़कों ने कहा कि वे उन पर गलत शक मत करें, उन्होंने कोई चोरी नहीं की है। लेकिन फिर भी दोनों सिपाही नहीं माने और गाली-गलौज व जोर-जबरदस्ती करते हुए तीनों को पकड़कर पुलिस थाना ले गए। पुलिस थाना ले जाकर भी चोरी का आरोप लगाते हुए जातिसूचक गालियां निकाली। सिपाही सुरेन्द्र ने अर्जुन के तीन-चार थप्पड़ मारे। फिर उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी तो वे थाना आए और रात्रि करीब 10 बजे उन्हें घर लेकर गए। नागरिकों ने आरोप लगाया कि दोनों सिपाहियों ने तीनों लड़कों को शाम 6.30 बजे से लेकर रात्रि 10 तक बजे तक पुलिस थाना में रखकर उनके साथ मारपीट की। प्रताड़ित किया व जातिसूचक गालियां निकाली। इससे तीनों लड़कों को शारीरिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। आक्रोशित नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते दोनों सिपाहियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर महेन्द्र, विनोद कुमार, विजय, श्योप्रकाश, अनिल कुमार, दीपक, रूघवीर, अर्जुन, अंकित, योगेश, विकास, राकेश, कुलदीप, सुभाष, चेतन सहित कई नागरिक मौजूद थे।