Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

महाविद्यालय निदेशक-अध्यक्ष व सचिव का पुतला दहन

  • एनएम लॉ कॉलेज को स्थाई सम्बद्धता दिलाने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय को स्थाई सम्बद्धता दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं ने सोमवार को कॉलेज के मुख्य गेट के समक्ष कॉलेज का संचालन करने वाली राष्ट्रीय शिक्षण संस्थान समिति के निदेशक, अध्यक्ष व सचिव का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर विरोध प्रकट किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील चाहर के नेतृत्व में समिति निदेशक, अध्यक्ष एवं सचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सुनील चाहर ने कहा कि पिछले लम्बे समय से कॉलेज के छात्र-छात्राएं स्थाई सम्बद्धता दिलवा परीक्षा फार्म दिलवाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन समिति पदाधिकारी उनकी मांगों को लगातार अनसुना कर रही है। कॉलेज को स्थाई सम्बद्धता दिलाना तो दूर अस्थाई मान्यता भी नहीं मिली। समिति अध्यक्ष, सचिव व निदेशक गांधीजी के तीन बंदरों की तरह काम कर रहे हैं। एक कह रहा है कुछ मत कहो, दूसरा कह रहा है कुछ मत सुनो और तीसरा कह रहा है कि कुछ मत देखो। यूजीसी ने अगस्त में परीक्षा करवाने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जुलाई जाने को है, यहां अभी तक छात्र-छात्राओं के परीक्षा फार्म ही नहीं भरवाए गए हैं। इस कारण छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर काफी परेशान-दुखी हैं। कॉलेज की मैनेजमेंट सुनवाई नहीं कर रही। दूसरी तरफ यह दुर्भाग्य भी है कि प्रशासन व शहर के लोग भी कुम्भकर्णी नींद सो रहे हैं। उन्हें बच्चों के भविष्य से कोई लेना-देना नहीं। उन्होंने मांग की कि शहर के लोग, छात्र-छात्राओं का साथ दे कॉलेज को स्थाई सम्बद्धता दिलाएं ताकि बच्चे परीक्षा फार्म भर परीक्षा दे सकें। अन्य छात्र नेताओं ने कहा कि छात्र-छात्राएं लगातार परेशान हो रहे हैं। बावजूद इसके कॉलेज प्रबंधन समिति के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। जो प्रबंधन समिति कॉलेज को संभाल नहीं सकती उसका फिर कॉलेज में क्या काम है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन समिति ने पहले राजनीतिक द्वेषता और षड्यंत्र रचकर इसे हड़पने की कोशिश की। लेकिन छात्र-छात्राएं अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। पुतला दहन व विरोध-प्रदर्शन के दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गोरीशंकर, जयवीर गोदारा, शायरा बानो, विशाखा, वसुंधरा बिश्नोई, पारुल, अमरजीत, पुष्पा स्वामी, राजेश बिस्सु, सुनील टाक, प्रदीप जाखड़, सोनू, रामकिशोर सिंवर, मुकेश जाट, रमेश, मनोज, संदीप, सुनील नैण सहित कई अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *