बीकानेर. चोर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। घर हो या दुकान हर दूसरे दिन शिकार बना रहे हैं। चोरी की बढ़ती वारदातों से आमजन में भय व्याप्त हो रहा है। गंगाशहर थाना क्षेत्र में चोरों ने निर्माणाधीन मकान से सामान चोरी कर ले गए। वहीं जेएनवीसी थाना क्षेत्र में बाड़ में खड़ी गाड़ी के टायर खोलकर ले गए। संबंधित थानों में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
पांच गाडिय़ों के ले गए टायर
जयपुर रोड स्थित महेन्द्रा कंपनी के परिसर में खड़ी गाडिय़ों के अज्ञात व्यक्ति टायर चोरी कर ले गए। कंपनी के आनंद रंगा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जेएनवीसी थाने में मामला दर्ज कराय है। उसने रिपोर्ट में बताया कि १७ जुलाई की रात को अज्ञात लोग कंपनी के बाड़े में खडी पांच पिकअप गाडिय़ों के टायर खोलकर ले गए। गाडिय़ां जेक पर खड़ी कर गए। सुबह ऑफिस आने पर पता चला।
ढाई लाख रुपए चोरी
कोलायत थाना क्षेत्र के झझू गांव में चोरों ने एक मकान में वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से लाखों रुपए चोरी कर ले गए। इस संबंध में झझू निवासी लियाकत अली ने कोलायत थाने में मामला दर्ज कराया है। उसने रिपोर्ट में बताया कि दो सितंबर की रात को अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया। चोर घर के कमरे में रखा एक संदूक ले गए, जिसमें ढाई लाख रुपए नकद एवं जेवर थे।
एक ही मकान में दो बार चोरी
नगर परिषद सीकर में आयुक्त के पद पर कार्यरत श्रवण कुमार का ज्ञान विधि पीजी महाविद्यालय रोड़ नंबर पांच में मकान निर्माण कर रहा है। एक सितंबर की रात को अज्ञात व्यक्ति दो फरमे, तीन फटियां चोरी कर ले गए। वहीं इससे पहले भी सरिये चोरी हो चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।