हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन में गांधीनगर अण्डरपास के पास की जगह को लेकर फिर विवाद हो गया है। इस जगह पर नगर परिषद की ओर से भूखण्ड आवंटन से पहले सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। गुरुवार को रेलवे के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच इस जगह को रेलवे के अधिकार क्षेत्र में बता निर्माण कार्य रूकवा दिया। जगह को लेकर विवाद होने की सूचना मिलने पर मौके पर पूर्व उपसभापति व पार्षद नगीना बाई, पार्षद गुरदीप सिंह बराड़, पूर्व पार्षद रामसिंह सिद्धू, विजय कौशिक सहित वार्डवासी एकत्रित हो गए तथा रेलवे पर वादे से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने सांसद निहालचन्द से भी इस बारे में दूरभाष पर बात कर अवगत करवाया। सांसद ने इस बारे में रेलवे के डीआरएम से बात करने के लिए आश्वस्त किया।