Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जम्मू कश्मीर: CRPF जवानों पर हुए हमले का सुरक्षाबलों ने लिया बदला, लश्कर के दो आतंकवादी को मुठभेड़ किया ढेर

श्रीनगर

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर हाल में हुए हमले में शामिल रहे लश्कर-ए-तैयबा के दो पाकिस्तानी आतंकवादी शहर में रविवार को हुई मुठभेड़ में मारे गए, जबकि तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बिशंबर नगर इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था, जिसके बाद आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजय कुमार ने बताया कि पुलिस चार अप्रैल को सीआरपीएफ कर्मियों पर हुए हमले के दिन से ही दोनों पाकिस्तानी आतंकवादियों का पीछा कर रही थी और रविवार को उनके ठिकाने का पता लगाने के बाद अभियान शुरू किया गया था।

पुलिस ने कहा, ‘उनका (आतंकवादियों का) मारा जाना पुलिस और सीआरपीएफ के लिए एक बड़ी सफलता है। मैं एक संदेश देना चाहता हूं कि जो कोई भी निर्दोष पुलिस कर्मियों, नागरिकों या पत्रकारों या किसी पर भी हमला करेगा, चाहे वह पाकिस्तानी हो या स्थानीय आतंकवादी हो, उसे मार गिराया जाएगा।’