गुरुग्राम।
गुरुग्राम में फर्रुखनगर अपराध शाखा टीम ने अंतरराज्यीय ठक-ठक गैंग के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम दर्जनभर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद और तकनीकी मदद से इन बदमाशों तक पहुंची। यह बदमाश गुलेल की मदद से बाजार और मार्केट में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लेते थे। इतना ही नहीं, महंगी शराब और ब्रांडेड कपड़े पहनने के शौकीन इस गैंग के सदस्य चोरी करने के बाद हवाई जहाज से सफर करते थे।
आरोपियों के कब्जे से सामान बरामद : पुलिस ने आरोपियों से 3 लैपटॉप, 2 मोबाइल फोन, 2 घड़ियां, सोने व चांदी के जेवर, तीन लेडीज बैग, तीन शराब की बोतलें, तीन गुलेल, 29 मेटल बॉल (गोली) और 2.62 लाख की नकदी बरामद की गई है। आरोपियों ने पूछताछ में एक दर्जन से ज्यादा वारदातों का खुलासा किया है। यह गिरोह काफी समय से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय है।
डीसीपी क्राइम राजीव देशवाल ने बताया कि ठक-ठक गैंग काफी समय से गुरुग्राम में सक्रिय था और सोसाइटी के बाह खड़ी गाड़ियों से सामान चोरी कर रहा था। ऐसे में फर्रुखनगर अपराध शाखा टीम ने गैंग के सदस्य की पहचान कर तीन अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट के पास से वेंकटेश्वरन रावेंधीर निवासी तमिलनाडु और गुना थानिक असलम निवासी तमिलनाडु को शनिवार दिल्ली के गाजीपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 25 मार्च को उन्होंने सिविल अस्पताल के पास खड़ी कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी किया था।