सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक अपने दूसरे मैच में IPL में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं । मलिक ने बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ खेलते हुए 152.95 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी। इसके बाद उनकी तुलना वकार युनूस के साथ भी की जा रही है।
मलिक को सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज टी नटराजन के कोरोना संक्रमित होने के बाद टीम में शामिल किया गया था। मलिक टीम के साथ नेट बॉलर के तौर पर जुड़े हुए थे। अब वह इस लीग में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने दूसरी बार तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया। रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में भी उमरान ने 151.03 किलोमीटर की रफ्तार से गेंद फेंक कर रिकॉर्ड दर्ज किया था। हालांकि, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।