जयपुर
राजधानी जयपुर में आमेर रोड पर नाकाबंदी में मौजूद यातायात पुलिस के एक कांस्टेबल को पकड़कर गिराने का मामला सामने आया है। पीड़ित कांस्टेबल द्वारा दर्ज करवाई गई रिपोर्ट पर राजकार्य में बाधा व लापरवाही से गाड़ी चलाने का मुकदमा दर्ज कर ब्रह्मपुरी पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी बाइक भी जब्त कर ली है।
आमेर एसीपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ईरशाद (21)निवासी अमरनाथ की बगीची, आदर्श नगर, दूसरा फैजान (27) निवासी घाटगेट जयपुर और तीसरा आमिर (21) निवासी अजमेर है। यहां घाटगेट में विवेकानंद गली में किराए से रहता है।
यह है पूरा मामला
इनके खिलाफ यातायात पुलिस में कांस्टेबल रामफूल मीणा ने ब्रह्मपुरी थाने में 18 जून की रात को मुकदमा दर्ज करवाया था। इसमें बताया कि वह आमेर रोड पर कनक घाटी के पास ट्रैफिक प्वाइंट पर नाकाबंदी ड्यूटी में थे। तभी बुलट बाइक पर सवार तीनों युवक आमेर की तरफ से तेज रफ्तार में आए। इनके सिर पर हेलमेट नहीं था। ऐसे में आरोपियों को बाइक रोकने का इशारा किया तो रफ्तार और तेज कर दी।
कांस्टेबल रामफूल ने बाइक को पकड़ने का प्रयास किया तो तीनों युवकों ने उनको पकड़कर धक्का मारा और नीचे गिरा दिया। इससे कांस्टेबल रामफूल के कई चोटें आईं। बाद में, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने ट्रेफिक कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मुकदमा दर्ज करने के बाद देर रात पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।