जयपुर
जयपुर में एक कारोबारी शशि अग्रवाल (50) की हत्या का मामला सामने आया है। जो पोर्ट ब्लेयर (अंडमान निकाेबार) का रहने वाला था। मृतक के भतीजे ने ही आपसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी थी। घटना मंगलवार रात की है। जब सिरसी रोड पर मनसा नगर के एक मकान में शराब पार्टी के दौरान भतीजे राज अग्रवाल(23) ने चाचा के सिर पर लोहे की रॉड मार दी। फिर वायर से गला घोंटकर जान ले ली। रातभर लाश घर में रखी। जिसे प्लास्टिक के कट्टे में डाल दी। भतीजे ने शव को जल्दी गलाने के लिए ऊपर से नमक भी डाला।
बुधवार सुबह शव को एक कार की डिक्की में रख दिया। जो ऑनलाइन ऐप के जरिए मंगवाई गई थी। दिनभर भतीजा राज अग्रवाल अपने तीन दोस्तों प्रकाश, लकी और बौनी के साथ कार लेकर शहर में घूमता रहा। देर शाम करीब 6 बजे भतीजे और उसके दोस्त भांकरोटा इलाके में नाईवाला स्थित जेडीए की आनंद विहार आवासीय योजना पहुंचे।

गुरुवार को आरोपी राज अग्रवाल और उसके दोस्त प्रकाश की निशानदेही पर शशि अग्रवाल के शव को बाहर निकाला गया
भांकरोटा में एक टीले पर राज ने अपने दोस्तों के साथ फावड़े व कुदाली से करीब चार फीट का गड्ढा खोदा। शव को इस गड्ढे में डालकर दबा दिया। इस बीच एक चरवाहे ने काफी दूर से शव को घसीटते वक्त बदमाशों को देख लिया। उसकी सूचना पर स्थानीय लोगों ने आरोपी भतीजे राज और उसके दोस्त प्रकाश को मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि वारदात में शामिल दो युवक बौनी और लकी फरार हो गए। सूचना मिलने पर भांकरोटा पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे।

गुरूवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान घटनास्थल पर सैंकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए
FSL टीम को बुलाकर शव को गड्ढे से बाहर निकाला, कार भी जब्त की
वैशाली नगर एसीपी रायसिंह बेनीवाल के सुपरविजन में पुलिस ने आरोपी भतीजे और प्रकाश से रात में पूछताछ की। देर रात को हत्या की वारदात का पता चला। गुरुवार को पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया। दोनों युवकों की निशानदेही पर शव को गड्ढा खोदकर बाहर निकाला। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर जांच कर रही है। फरार दो आरोपियों की भी तलाश कर रही है। हत्या की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। देर शाम तक पूरी वारदात का खुलासा होगा।