Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर में सवा करोड़ की डकैती:तकिए की खोल में सामान समेटकर ले गए बदमाश, टोका तो बोले- जान प्यारी नहीं है क्या?

जयपुर. जयपुर में इनकम टैक्स अधिकारी बनकर आए 5 डकैतों ने आटा व्यापारी के परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाशों ने 10 लोगों को पिस्टल के दम पर बंधक बना लिया और आधे घंटे तक घर खंगालते रहे।
फिर वे करीब 60 लाख रुपए की नकदी और डेढ़ किलो सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। यह वारदात गलता गेट थाना इलाके में सूरजपोल अनाज मंडी रोड पर बुधवार रात हुई। बदमाशों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस के अनुसार व्यापारी सत्यनारायण तांबी के घर पर मां मोही देवी (90), पत्नी संतोष, बेटा जीतेंद्र, दो पुत्रवधू रितु और प्रियंका और तीन बच्चे श्रेयांश, केशव, समर्थ थे। बुधवार शाम करीब साढ़े 7 बजे बदमाश इनकम टैक्स अधिकारी बनकर घर में घुसे थे। डकैतों ने सभी परिजनों के मुंह पर टेप लगा दी।
इसी बीच, व्यापारी सत्यनारायण और बेटा हेमराज घर पहुंच गए। बदमाशों ने उन्हें भी बंधक बना लिया। इसके बाद 15 साल के पोते केशव के सिर पर पिस्टल लगाकर अलमारियों के बारे में पूछा और नहीं बताने पर परिजनों को गोली मारने की धमकी दी। डर के कारण पोते ने बदमाशों को अलमारियों के बारे में बता दिया। लूटपाट मचाने के बाद बदमाश फरार हो गए। तब परिवार ने चिल्लाना शुरू किया, आवाज सुनकर उनके पड़ोसी आए। पड़ोसियों ने परिवार को छुड़ाकर पुलिस को सूचना दी।