साल 2020 में कंगना रनोट ने सुशांत की मौत के बाद कई बड़े सेलेब्स के खिलाफ चौंका देने वाले बयान दिए थे। एक इंटरव्यू के दौरान एक्ट्रेस ने जावेद अख्तर पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा था कि जावेद ने उन पर ऋतिक के खिलाफ किया गया केस वापस लेने का दबाव बनाया और कहा कि अगर वो केस वापस नहीं लेती हैं तो उनके पास आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। कंगना का इंटरव्यू सामने आने के बाद जावेद को धमिकयां मिलने लगी थीं, जिसके बाद उन्होंने एक्ट्रेस के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करवाया था। इस मामले में अब कंगना छूट चाहती हैं जिसके लिए अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी। कंगना से पहले भी कई बॉलीवुड सेलेब्स के खिलाफ दूसरे सेलेब्स द्वारा मानहानि का मुकदमा दायर किया जा चुका है। आइए जानते हैं वो सेलेब्स और उनसे जुड़े मामले क्या हैं-
सलमान ने केआरके के खिलाफ दर्ज करवाया मुकदमा
13 मई को सलमान खान की फिल्म राधेः योर मोस्ट वॉन्टेड भाई रिलीज हुई थी। इस फिल्म के रिलीज होते ही खुद को क्रिटिक बताने वाले केआरके उर्फ कमाल राशिद खान ने यूट्यूब पर फिल्म का रिव्यू करते हुए बेहद आपत्तिजनक बातें कही थीं। फिल्म का भद्दा रिव्यू देने वाले केआरके के खिलाफ सलमान खान ने मानहानि का मुकदमा दायर करवाया था। हाल ही में कोर्ट द्वारा अंतरिम आदेश पारित कर दिया है जिसके तहत अब से केआरके सलमान खान या उनके परिवार के खिलाफ कुछ भी पोस्ट नहीं कर सकेंगे।

ऋचा चड्ढा ने किया पायल घोष के खिलाफ केस
एक्ट्रेस पायल घोष ने साल 2020 में अनुराग कश्यप के खिलाफ शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। एक इंटरव्यू के दौरान पायल ने इस मामले में ऋचा का नाम घसीटते हुए बेहद अपमानजनक टिप्पणी की की थी जिसके जवाब में ऋचा ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करवाया था। कई महीनों तक चली सुनवाई के बाद दोनों एक्ट्रेसेस ने आपसी सहमित से विवाद सुलझा लिया है।

ऋतिक रोशन और कंगना के विवाद ने लिया लीगल रूप
साल 2013 में कंगना और ऋतिक का रिश्ता उस समय सुर्खियों में आ गया जब ऋतिक ने आशिकी 3 फिल्म में एक्ट्रेस के साथ काम करने से इकार कर दिया था। इसके बाद कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक को अपनी सिल्ली एक्स कहा था। एक्ट्रेस ने कहा कि कुछ एक्स अटेंशन पाने के लिए इस तरह के काम करते हैं। एक्ट्रेस का ये बयान सामने आने के बाद ऋतिक ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा था। नोटिस में कंगना की रिश्ते का दावा करने वाली बात के लिए माफी मांगने को कहा गया था, हालांकि माफी मांगने की बजाय एक्ट्रेस ने और भड़काऊ बयान देने शुरू कर दिए थे।

तनुश्री के खिलाफ नाना पाटेकर के एनजीओ ने किया मानहानि का केस
साल 2018 में बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर मीटू मूमेंट के तहत सेक्सुअल हैरेसमेंट के कई संगीन आरोप लगाए थे। एक्ट्रेस का कहना था कि होर्न ओके प्लीज फिल्म की शूटिंग के दौरान नाना ने उनके साथ जबरदस्ती की है। इस मामले के सामने आने के बाद नाना के नाम फाउंडेशन ने एक्ट्रेस के खिलाफ 25 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया था।

आदित्य पंचोली पर बयान देना पड़ा कंगना को महंगा
साल 2017 में आदित्य पंचोली और उनकी पत्नी जरीना वाहब ने कंगना रनोट के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। ये मुकदमा कंगना के उस बयान के बाद दायर हुआ था जिसमें उन्होंने कहा था कि वो आदित्य के साथ एब्यूसिव रिलेशन में थीं। आदित्य का कहना था कि कंगना कई सालों से उन्हें परेशान कर रही थीं लेकिन उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा, लेकिन कंगना के बयान के बाद उन्हें मुकदमा दायर करवाना पड़ा।