जिला अस्पताल में 40 जांचें बंद, दवाएं भी पूरी नहीं मिलती
by seemasandesh
भाजपा नेताओं ने किया प्रदर्शन, कहा- बजट का दुरुपयोग हो रहा – सीमा सन्देश न्यूज. श्रीगंगानगर। राजकीय जिला चिकित्सालय में खामियों को दूर करते हुए मरीजों को राहत देने की मांग को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं की ओर से जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद जिला कलक्टर के नाम एडीएम कमला अलारिया को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान मेडिकल रीलिफ सोसायटी के सदस्य राजकुमार सोनी, महिला इकाई अध्यक्ष पार्षद चेष्टा सरदाना, मंडल अध्यक्ष (पूर्व क्षेत्र) चंद्रशेखर गौड़, पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, अटल मंडल अध्यक्ष मनीष प्रजापत, व्यापार प्रकोष्ठ पदाधिकारी शरद अग्रवाल, पूर्व सभापति श्यामलाल धारीवाल, कमल भारद्वाज, शिव स्वामी, मंगलचंद डाल, राजीव चौधरी, हाकम सिंह सिडाना, सुरजीत ओड, जितेंद्र चौहान, ललित रतवाया सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना में 40 प्रकार की जाचों की सुविधा बन्द पड़ी है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बाहर से पैसे खर्च कर जांचें करवानी पड़ रही हैं। दवाएं भी पूरी नहीं मिलती। जिला अस्पताल में टॉयलेट की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हाल ही में यहां निरीक्षण के लिए आई टीम ने भी खामियां उजागर की थी। शिष्टमंडल ने कहा कि जिला अस्पताल में बजट का दुरुपयोग हो रहा है। जिन पर जिम्मेदारी है, वह आंखें मूंदे बैठे हैं। यदि इस मामले में शीघ्र ही मरीजों और उनके परिजनों को राहत नहीं दी गई तो पुन: प्रदर्शन किया जाएगा।