विकास कार्यां की मॉनिटरिंग करने के दिए निर्देश
पीलीबंगा (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने बुधवार को पीलीबंगा के पंचायत समिति सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिला कलक्टर ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों में जो भी कार्य चल रहे हैं उनका संबंधित विभाग के अधिकारी अच्छे से मॉनिटरिंग करें ताकि कार्य की क्वालिटी अच्छी हो और लोगों को राहत मिले। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय से जनता को ज्यादा से ज्यादा राहत देने की कोशिश करें ताकि आमजन में गुड गवर्नेंस का मैसेज जाए। जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिशा निर्देशित करते हुए विभागीय टार्गेट समय पर अचीव करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्र में जहां भी सड़क का निर्माण हो रहा है वहां उसकी पूरी मॉनिटरिंग की जाए ताकि सड़क की गुणवत्ता अच्छी हो। बिजली विभाग की समीक्षा को लेकर निर्देशित किया कि कृषि कनेक्शन को लेकर सरकार के निदेर्शानुसार निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पेयजल की समीक्षा को लेकर जिला कलक्टर ने उन टंकियों और पेयजल भंडारण स्थलों की सूची मांगी जिनकी साफ सफाई की जा चुकी है। साथ ही कहा कि टंकियों और पेयजल भंडारण स्थलों की निर्धारित समय अनुसार साफ सफाई करें ताकि लोगों को पीने का स्वच्छ जल मिल सके। शहर में साफ सफाई को लेकर उन्होने नगर पालिका ईओ से शहर में लगाए गए आॅटो टिपर की संख्या और मानसून को देखते हुए सभी नालों की साफ सफाई जल्द से जल्द करवाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने एसडीएम,तहसीलदार और नगर पालिका ईओ को कोरोना गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करने के लिए बिना मास्क वाले लोगों के चालान काटने के निर्देश दिए। बैठक में जिला कलक्टर के अलावा एसडीएम प्रियंका तलानिया, बीडीओ विनोद रैगर, तहसीलदार विनोद गोदारा, ईओ गोपी किशन, नायब तहसीलदार पूनम कंवर के अलावा पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
पंचायत समिति का वार्षिक निरीक्षण
जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने बुधवार को पीलीबंगा पंचायत समिति का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा के जरिए सड़क और जोहड़ के किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर भी सघन पौधरोपण करवाया जाए। जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान मनरेगा में लगे हुए मजदूरों की संख्या, निर्माण सामग्री का अनुपात व औसत मजदूरी के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलक्टर डिडेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए इन योजनाओं की प्रगति शत प्रतिशत रखने के निर्देश दिए। साथ ही आॅडिट पैरा के जल्द निस्तारण के निर्देश भी दिए। जिला कलक्टर ने पंचायत समिति के सभी सेक्शन और ईमित्र मशीन इत्यादि का भी निरीक्षण किया। जिला कलक्टर के निरीक्षण के दौरान पीलीबंगा एसडीएम प्रियंका तिलानिया, बीडीओ विनोद रेगर और तहसीलदार विनोद कुमार साथ थे।