आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर शराब कारोबारियों ने दी दुकानें बंद रखने की चेतावनी
by seemasandesh
गांव गंगागढ़ में आबकारी विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। हथकढ़ शराब बनाने के लिए बदनाम गांव गंगागढ़ रोही में कार्रवाई करने गई आबकारी विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने वाले अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर बुधवार को लाइसेंसी शराब कारोबारियों ने जिला कलक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपे। इससे पहले शराब कारोबारियों ने नारेबाजी की। हनुमानगढ़ जिला शराब यूनियन के बैनर तले अधिकारियों से मिले लाइसेंसी शराब कारोबारियों ने बताया कि जिले के गंगागढ़, देबुघाट, नवां, फतेहपुर, ढालिया, टिब्बी व अन्य ऐसे क्षेत्र जहां जहरीली शराब बनाई जाती है, वह प्रशासन की नजर में भी हैं। मंगलवार को आबकारी विभाग की एक टीम ने गंगागढ़ रोही क्षेत्र में हथकढ़ शराब बनाने के ठिकानों पर रेड मारकर भट्ठियां नष्ट की। तभी हथकढ़ शराब बनाने वाले माफियाओं ने आबकारी विभाग की टीम पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में आबकारी जमादार एएसआई हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। हथकढ़ शराब माफियाओं के पास पिस्तौल व अन्य तेज धारदार हथियार थे। उन्होंने आबकारी जमादार को घेरकर उन पर हमला बोल दिया। इस कारण उन्हें गंभीर चोटें आई। वे राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती हैं और हालत नाजुक बनी हुई है। शराब कारोबारियों ने कहा कि इस घटना से हनुमानगढ़ जिला शराब यूनियन में काफी रोष है। यूनियन के पदाधिकारी इस घटना की घोर निंदा करते हैं। ऐसी वारदातें भविष्य में न हों, इसलिए जहरीली शराब बनाने वाले माफिया गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी आवश्यक है। उन्होंने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो मजबूरन यूनियन की ओर से जिले की सभी शराब की दुकानें बंद कर दी जाएंगी और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर प्रदीप तिवाड़ी, सुखपाल सिंह, श्याम सुन्दर, भूपेन्द्रसिंह, रामप्रताप खिचड़, कृष्णलाल, इकबाल सिंह, विनोद बेनीवाल, कालू बेनीवाल सहित कई शराब कारोबारी मौजूद थे। प्रयास रहेगा बख्शा न जाए कोई भी दोषी : एसपी उधर, गंगागढ़ में आबकारी विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन का कहना है कि हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना में दोनों पक्षों की तरफ से परस्पर मामले दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। पुलिस का प्रयास रहेगा जल्द से जल्द जांच कर जो भी दोषी है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाए। कानून की परिधि की सीमाओं में लाकर दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करवाई जाए। आबकारी जमादार सहित चार जने हुए थे घायल गौरतलब है कि मंगलवार शाम को आबकारी विभाग की टीम ने जिला आबकारी अधिकारी चिमनलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने हथकढ़ शराब निकालने के रूप में बदनाम गांव गंगागढ़ रोही के देबूघाट पर रेड मारी। आबकारी विभाग की टीम अभी कच्ची हथकढ़ शराब व भट्ठियां नष्ट ही कर रही थी कि हथकढ़ शराब कारोबारियों ने टीम पर हमला कर दिया। डीईओ व आबकारी थाना प्रभारी सहित अन्य कार्मिक वहां से बचकर भाग निकले जबकि ग्रामीणों ने आबकारी जमादार एएसआई हुसैन को घेरकर हमला कर दिया। मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। उनका सरकारी पिस्टल छीन लिया। दोनों पक्षों की ओर से फायर भी किए गए। बचाव में आबकारी विभाग के कार्मिकों की ओर से की गई फायरिंग में गोली लगने से तीन ग्रामीण घायल हो गए। आबकारी जमादार हुसैन (50) के अलावा दूसरे पक्ष के उदयसिंह (22) पुत्र जरनैल सिंह व सुखविन्द्र सिंह (18) पुत्र रमेशसिंह बाएं पैर के घुटने के नीचे तथा बलविन्द्र पुत्र रमेशसिंह हाथ के अंगूठे के पास गोली लगी। चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात्रि हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना में दोनों पक्षों की तरफ से हत्या प्रयास के परस्पर मामले दर्ज करवाए गए। आबकारी विभाग के पुलिस निरीक्षक कैलाश स्वामी पुत्र पूर्णमल की ओर से उदयसिंह वगैरा के खिलाफ आबकारी दल पर हमला करने, फायर करने, सरकारी असला छीनने, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने व आबकारी जमादार हुसैन पर फायर कर चोट पहुंचाने तथा राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया गया। वहीं दूसरे पक्ष की तरफ से जरनैल सिंह (65) पुत्र सुन्दरसिंह रायसिख निवासी गंगागढ़ की ओर से आबकारी विभाग हनुमानगढ़ के 20-25 कार्मिकों के खिलाफ परिवादी के बेटे उदयसिंह के अलावा सुखविन्द्र, बलविन्द्र सिंह के साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया गया। दोनों मामलों की जांच टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ कर रहे हैं।