जिला कलक्टर ने मुख्य बस स्टैंड का किया औचक निरीक्षण
by seemasandesh
सभी दुकानदारों को कोविड-19 वैक्सीनेशन करवाने की दी हिदायत, रोडवेज अधिकारियों ने समस्याओं से करवाया अवगत हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने शनिवार को जंक्शन के मुख्य बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां से संचालित रोडवेज बसों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछताछ केन्द्र में तैनात कर्मचारी से कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। जिला कलक्टर ने कर्मचारी से इस बारे में पूछा कि उन्हें बसों के आने-जाने के समय का कैसे पता चलता है तो इस पर पूछताछ केन्द्र में तैनात कर्मचारी ने उन्हें कम्प्यूटर में आॅनलाइन सिस्टम दिखाते हुए इस बारे में जानकारी दी। इसके अलावा जिला कलक्टर की ओर से बस स्टैंड पर लगी स्टॉल का भी निरीक्षण किया गया। स्टॉल के अलावा बस स्टैंड के दुकानदारों से कोविड-19 वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी लेकर टीकाकरण न करवाने वाले दुकानदारों को जल्द से जल्द वैक्सीनेशन करवाने के लिए कहा गया। उन्हें मास्क पहनकर रखने व दूसरों को भी जागरूक करने की बात कही। जिला कलक्टर ने बस स्टैंड में सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके अलावा बस स्टैंड में बने सुलभ शौचालय में भी व्यवस्थाएं जांची। जिला कलक्टर ने रोडवेज अधिकारियों को बस स्टैंड व बसों में कोरोना गाइड लाइन की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि रोडवेज बसों को नियमित अंतराल बाद सेनेटाइज किया जाता है। पूछताछ केन्द्र पर कार्यरत कर्मचारी की ओर से यात्रियों को बार-बार अनाउमेंट कर मास्क पहनकर रखने व दो गज की दूरी बनाकर रखने के लिए पाबंद किया जाता है। इस दौरान राजस्थान रोडवेज परिवहन निगम के अधिकारियों की ओर से जिला कलक्टर के समक्ष कई समस्याएं भी रखी गई। जिला कलक्टर रोडवेज बसों के समानांतर चल रही लोक परिवहन व निजी बसों के बारे में शिकायत की गई। साथ ही बताया कि नगर परिषद के अधीन बस स्टैंड काफी छोटा है। बसों की संख्या ज्यादा होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि इस समस्या से निजात दिलाने के लिए रोडवज हनुमानगढ़ डिपो के प्रशासन ने रोडवेज डिपो के पास खाली पड़ी जगह पर बस स्टैंड स्थानांतरित करने का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा हुआ है। इस पर जिला कलक्टर ने रोडवेज बसों के समानांतर व बिना परमिट विभिन्न रूटों पर चल रही बसों पर कार्रवाई करने के लिए आश्वस्त किया। साथ ही कहा कि मंगलवार को रोडवेज के अधिकारी नई जगह पर बस स्टैंड स्थानांतरित करने संबंधी प्रस्ताव लेकर उनसे मिलें। जिला प्रशासन भी अपनी तरफ से पूरा प्रयास करेगा ताकि जल्द से जल्द रोडवेज डिपो के पास बस स्टैंड की प्रस्तावित जगह पर निर्माण करवा बस स्टैंड शुरू किया जा सके और जनता को सुविधा हो। निरीक्षण के दौरान हनुमानगढ़ आगार के मुख्य प्रबंधक दीपक भोभिया व हनुमानगढ़ आगार के ट्रैफिक मैनेजर राकेश राय भी मौजूद थे।